स्पोर्ट्स

FIFA World Cup 2026: गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे मेसी, वर्ल्ड रिकॉर्ड में एमबाप्पे से अब दो गोल ज्यादा

Lionel Messi: पिछले 8 वर्ल्ड कप मैचों में मेसी अब तक 12 गोल दाग चुके हैं। केप वर्डे के खिलाफ किया गया गोल वर्ल्ड कप में मेसी के करियर का 20वां गोल था। इसके साथ ही वह वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

Image

लियोनल मेसी और काइलियन एमबाप्पे (फोटो साभार- AP)

Lionel Messi: लियोनेल मेसी ने एक बार फिर दिखा दिया कि उम्र उनके लिए सिर्फ एक नंबर है। केप वर्डे के खिलाफ 29वें मिनट में गोल दागकर मेसी ने न सिर्फ अर्जेंटीना को बढ़त दिलाई, बल्कि कई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए। यह वर्ल्ड कप में उनका लगातार 8वां मैच था जिसमें उन्होंने कम से कम एक गोल किया है। पिछले 8 वर्ल्ड कप मैचों में मेसी अब तक 12 गोल दाग चुके हैं। केप वर्डे के खिलाफ किया गया गोल वर्ल्ड कप में मेसी के करियर का 20वां गोल था। इसके साथ ही वह वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। फ्रांस के काइलियान एमबाप्पे 18 गोल के साथ उनसे दो गोल पीछे हैं। मेसी ने मार्तिनेज के पास पर केप वर्डे के स्टार गोलकीपर वोजिन्हा को छकाते हुए यह गोल दागा।

मेसी ने अब तक किया कुल 20 गोल

इस टूर्नामेंट में मेसी का यह 7वां गोल था। गोल्डन बूट की दौड़ में वह एमबाप्पे से एक गोल आगे निकल गए हैं। एमबाप्पे के 6 गोल हैं। नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड और इंग्लैंड के हैरी केन भी 5-5 गोल के साथ रेस में बने हुए हैं। फ्रांस के उस्मान डेम्बेले, स्पेन के मिकेल ओयारजाबाल, ब्राजील के विनिशियस जूनियर और सेनेगल के इस्माइला सार ने 4-4 गोल किए हैं। सार की टीम सेनेगल बाहर हो चुकी है, इसलिए वह दौड़ से बाहर हैं। मेसी के साथी रौद्रिगो डि पॉल ने कहा, "मेरे लिए उसकी दोस्ती सबसे अहम चीज है और मैं खुशकिस्मत हूं कि इन पलों में उसके साथ मैदान पर हूं।" डि पॉल अर्जेंटीना और इंटर मियामी दोनों में मेसी के साथ खेलते हैं।

मेसी ने कभी नहीं जीता गोल्डन बूट

दिलचस्प बात यह है कि मेसी ने अब तक कभी वर्ल्ड कप गोल्डन बूट नहीं जीता है। 2022 में वह 7 गोल करके एमबाप्पे से एक गोल पीछे रह गए थे। 2014 में 4 गोल के साथ वह संयुक्त तीसरे स्थान पर थे। इस बार उनके पास सबसे अच्छा मौका है। अगर टूर्नामेंट के अंत में टॉप स्कोरर की बराबरी रहती है तो फीफा पहले असिस्ट देखेगा। इस मामले में एमबाप्पे 2-0 से मेसी से आगे हैं। दूसरा टाइब्रेकर मैदान पर बिताया गया कम समय होगा। केप वर्डे को 3-2 से हराकर अर्जेंटीना अंतिम-16 में पहुंच गया है। नॉर्वे, इंग्लैंड और फ्रांस भी नॉकआउट में जगह बना चुके हैं। मेसी का फॉर्म देखकर लग रहा है कि वह इस बार गोल्डन बूट के साथ-साथ अर्जेंटीना को लगातार दूसरा वर्ल्ड कप भी दिला सकते हैं। 37 साल की उम्र में भी मेसी का जलवा कायम है। पिछले 8 मैच में 12 गोल करना बताता है कि वह बड़े मैचों के खिलाड़ी क्यों कहलाते हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article