स्पोर्ट्स

China Masters: लक्ष्य सेन चीन में करेंगे भारतीय बैडमिंटन दल की अगुवाई, तीन युवा खिलाड़ियों से उम्मीदें

China Masters 2026: लक्ष्य सेन अपनी इस निराशा को पीछे छोड़कर मंगलवार से यहां शुरू होने वाले 1,250,000 अमेरिकी डॉलर के चाइना मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। इसके अलावा, तीन युवा खिलाड़ियों पर फैंस की उम्मीदें टिकी होंगी।

Image

लक्ष्य सेन

Photo : AP

China Masters 2026: विश्व चैंपियनशिप में शुरुआत में ही बाहर होने वाले लक्ष्य सेन अपनी इस निराशा को पीछे छोड़कर मंगलवार से यहां शुरू होने वाले 1,250,000 अमेरिकी डॉलर के चाइना मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। सेन को हालांकि पहले दौर में ही कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। वह अपने शुरुआती मैच में फ्रांस के विश्व चैंपियन एलेक्स लैनियर का सामना करेंगे।

जून में यूएस ओपन सुपर 300 के फाइनल में पहुंचने वाले किदाम्बी श्रीकांत पहले मैच में चीनी ताइपे के ची यु-जेन का सामना करेंगे। इस सत्र में उनका प्रदर्शन उतार चढ़ाव वाला रहा है। कनाडा ओपन में चोट के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा, जिसके बाद कोरिया मास्टर्स में भी वे पहले ही दौर में बाहर हो गए। पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी से भारत को काफी उम्मीद होगी।

सात्विक और चिराग ने इस साल की शुरुआत में सिंगापुर ओपन जीतकर दो साल का अंतरराष्ट्रीय खिताब का इंतजार खत्म किया। वे चीन के हू के युआन और लिन जियांग यी के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेंगे। महिला एकल में भारत की निगाहें तीन युवा खिलाड़ियों उन्नति हुडा, तन्वी शर्मा और देविका सिहाग पर टिकी रहेगी।

रोहतक की 18 वर्षीय उन्नति का सामना पांचवीं वरीयता प्राप्त चीन की हान यू से होगा। तन्वी का मुकाबला डेनमार्क की अमाली शुल्ज़ से होगा और देविका का बुल्गारिया की कालोयाना नलबंतोवा से होगा। अन्य मुकाबलों में हरिहरन आमसकारुनन और एम आर अर्जुन की पुरुष जोड़ी का सामना आठवीं वरीयता प्राप्त जापानी जोड़ी ताकुरो होकी और युगो कोबायाशी से होगा, जो 2021 के विश्व चैंपियन हैं।

मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो का मुकाबला थाई जोड़ी टोनकिड और टोनरुग साएहेंग से, जबकि रोहन कपूर और रुथविका शिवानी गड्डे का सामना चीनी ताइपे के वू गुआन शुन और ली चिया ह्सिन से होगा।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article