चियांग मई (थाईलैंड): सुनील छेत्री के बिना खेल रही भारतीय टीम ने विवादास्पद पेनल्टी पर एक गोल गंवाया और अपने से ऊंची रैंकिंग वाली ईराक टीम को पहली हार हराने में नाकाम रही। उसे किंग्स कप में बृहस्पतिवार को पेनल्टी शूटआउट में पराजय झेलनी पड़ी। भारतीय टीम 79वें मिनट तक 2-1 से आगे थी जब रैफरी ने ईराक को पेनल्टी दी । ईराकी स्ट्राइकर ऐमेन गाधबान बाक्स में दो डिफेंडरों से भिड़ गए थे। यह पेनल्टी बन नहीं रही थी लेकिन ऐमेन ने इस पर गोल दागकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।
भारतीय फुटबॉल टीम(साभार Indian Football Team)
पेनल्टीशूट आउट में भारत 5-4 से हारा
ईराक ने शूटआउटमें 5-4 से जीत दर्ज की। भारत के लिये ब्रेंडन फर्नांडिस स्कोर नहीं कर सके। टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार निर्धारित समय तक स्कोर बराबर रहने पर मैच पेनल्टी शूट आउट में जायेगा क्योंकि अतिरिक्त समय का प्रावधान नहीं है। अपने बच्चे के जन्म के कारण टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे छेत्री के बिना भी भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया। भारतीय टीम फीफा रैंकिंग में 99वें और ईराक 70वें स्थान पर हैं।
आत्मघाती गोल ने दिलाई थी टीम इंडिया को बढ़त
महेश नाओरेम ने 16वें मिनट में भारत को बढ़त दिलाई जिसे करीम अली ने 28वें मिनट में पेनल्टी पर गोल करके उतारा। ईराक के कप्तान जलाल हसन के आत्मघाती गोल पर भारत ने 51वें मिनट में बढ़त बनाई जो बाद में ऐमेन ने उतार दी। इस हार के साथ भारत का इस साल 11 मैचों का विजय अभियान भी थम गया।
