लंदन: डिफेंडिंग चैम्पियन यानिक सिनर ने सात बार के विजेता नोवाक जोकोविच को सीधे सेटों में 6-4, 6-4, 6-4 से हराकर विम्बलडन 2026 के पुरुष एकल फाइनल में प्रवेश कर लिया है। जहां उनका सामना जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव से होगा। सेमीफाइनल में सिनर के खिलाफ हार के साथ ही रिकॉर्ड 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का नोवाक जोकोविच का सपना एक बार फिर अधूरा रह गया। ज्वेरेव ने ब्रिटिश खिलाड़ी आर्थर फेरी को 7-6, 6 -2, 6-4 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। ज्वेरेव ने एक महीना पहले ही फ्रेंच ओपन खिताब अपने नाम किया था।
यानिक सिनर
2 घंटे 20 मिनट चला सेमीफाइनल मुकाबला
यानिक सिनर का सेमीफाइनल में प्रदर्शन जितना शानदार था उतना बेहरहम भी। जोकोविच को मैच में बने रहने के लिए अपना पूरा जोर लगाना पड़ रहा था। बावजूद इसके 24 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता को 2 घंटे 20 मिनट तक चले मुकाबले में करारी हार का सामना करना पड़ा। वो पूरी शिद्दत के साथ ऐसी लड़ाई लड़ रहे थे जिसमें उनकी हार तय नजर आ रही थी। दुनिया के नंबर वन खिलाड़ी सिनर का खेल शुरुआत में थोड़ा उतार-चढ़ाव वाला लग रहा था, लेकिन उन्होंने अचानक अपनी लय हासिल कर ली और अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में लौट आए और जोकोविच को बगैर कोई मौका दिए फाइनल में जगह लगातार दूसरी बार पक्की कर ली।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: विंबलडन के पुरुष एकल फाइनल में पहुंचे अलेक्जेंडर ज्वेरेव, आर्थर फेरी को दी सेमीफाइनल में मात
पांचवें ग्रैंडस्लैम खिताब पर होगी सिनर की नज़र
24 वर्षीय सिनर के करियर का यह पांचवां ग्रैंड स्लैम फाइनल है। वो दो बार ऑस्ट्रेलियन ओपन (2024, 2025), एक बार विंबलडन (2025) और एक बार यूएस ओपन (2024) सहित कुल चार खिताब जीत चुके हैं। उनके पास लगातार दूसरी बार विबंलडन खिताब पर कब्जा करने का शानदार मौका है और वो इसे ज्वेरेव के खिलाफ खाली नहीं जाने देना चाहेंगे।
