FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले ईरान की राष्ट्रीय टीम के लिए मुश्किल खड़ी हो गई है। ईरान को अमेरिका में अपने सभी लीग मुकाबले खेलने हैं। हालांकि, उसे अब वीजा की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। ईरान की टीम में शामिल सभी 15 सदस्यों के पासपोर्ट अमेरिकी दूतावास को सौंपे गए हैं, लेकिन अभी तक वीजा मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं।
मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग के चलते ईरान की फुटबॉल टीम को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अमेरिका में लीग मुकाबले खेलने वाली टीम को अपना बेस कैंप मेक्सिको बनाना पड़ा है। ईरानी फुटबॉल महासंघ (FFI) के अध्यक्ष मेहदी ताज ने बताया कि तुर्किये स्थित अमेरिकी दूतावास को टीम से जुड़े सभी सदस्यों के पासपोर्ट जमा करवाए गए हैं। लेकिन अभी तक वीजा मिलने का इंतजार है।
ईरान फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप में अपने अभियान का आगाज 16 जून से न्यूजीलैंड के खिलाफ करेगा। 21 जून को बेल्जियम से उसका आमना-सामना होगा। 26 जून को वह अपने लीग स्टेज का आखिरी मुकाबला मिस्र के साथ खेलेगा। हालांकि, वीजा की समस्या के चलते अभी टीम के सामने दुविधा है कि क्या वह फीफा वर्ल्ड कप में हिस्सा ले पाएंगे या नहीं।
स्टेडियम भरने की खास तैयारी
फीफा ने अपनी नीति में ऐन मौके पर बदलाव करते हुए उत्तर अमेरिका में होने वाले फुटबॉल विश्व कप के मैचों में फिर से भरी जाने वाली पानी की बोतलें स्टेडियम में लाने पर रोक लगा दी है। स्टेडियम आचार संहिता की इंग्लैंड के प्रशंसकों के एक समूह ने कड़ी निंदा की है जिसका कहना है कि फीफा ने आश्वासन दिया था कि भीषण गर्मी के बीच होने वाले टूर्नामेंट में स्टेडियम में मुफ्त पानी की व्यवस्था रहेगी और दर्शक प्लास्टिक की खाली बोतलें ला सकेंगे।
फ्री लायंस प्रशंसक समूह ने एक बयान में कहा ,हमें तो यही लग रहा है कि पैसा कमाने के लिये यह किया जा रहा है। विश्व कप स्टेडियमों में पानी, सोड़ा और जूस फीफा के पुराने प्रायोजक कोका कोला द्वारा बेचे जायेंगे। इस साल विश्व कप में व्हाइट हाउस कार्यबल के कार्यकारी निदेशक एंड्रयू जियुलियानी ने कहा, दर्शक पानी की बोतल किसी पर फेंक सकते हैं और हथियार की तरह उनका इस्तेमाल कर सकते हैं। फीफा ने कल इस फैसले की घोषणा की है लिहाजा मैं इस पर टिप्पणी नहीं कर सकता।
फीफा के स्टेडियम नियमों में कहा गया है कि दर्शक पारदर्शी छोटी पानी की बोतल ला सकते हैं जिसमें फिर से पानी भरा जा सके। लेकिन अब नये नियम के तहत ऐसी बोतलें मैदान में नहीं लाई जा सकेंगी।
