स्पोर्ट्स

तीरंदाजी विश्व कप चरण चार के फाइनल में पहुंची कंपाउंड महिला टीम, पुरुष टीम चूकी

भारत के कंपाउंड तीरंदाजों ने बुधवार को तीरंदाजी विश्व कप चरण चार में नए कोच डेव कजिन्स के मार्गदर्शन में पदक जीतने की राह पर वापसी की और महिला टीम फाइनल में पहुंचने में सफल रही। वहीं पुरुष टीम फाइनल में एंट्री से चूक गई।

Image

ज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिता तनिपार्थी और पृथिका प्रदीप (फोटो क्रेडिट SAI Media X)

मैड्रिड: भारत के कंपाउंड तीरंदाजों ने बुधवार को तीरंदाजी विश्व कप चरण चार में नए कोच डेव कजिन्स के मार्गदर्शन में पदक जीतने की राह पर वापसी की जब महिला टीम ने फाइनल में जगह बनाई लेकिन पुरुष टीम मामूली अंतर से कांस्य पदक से चूक गई। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में महिला वर्ग में परनीत कौर को छोड़कर सभी सात भारतीय कंपाउंड तीरंदाज राउंड ऑफ 32 में पहुंचने के बाद पदक की दौड़ में बने हुए हैं।

मैड्रिड में चरण चार के साथ ही अमेरिका के दिग्गज कजिन्स का भारत के कंपाउंड कोच के तौर पर कार्यकाल शुरू हुआ। मौजूदा सत्र में खराब प्रदर्शन के बाद अमेरिकी कोच के मार्गदर्शन में भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों ने क्वालीफिकेशन दौर में प्रभावित किया। पुरुष टीम ने शीर्ष वरीयता हासिल की और महिला टीम सातवीं वरीय के रूप में नॉकआउट में पहुंची। ज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिता तनिपार्थी और पृथिका प्रदीप की महिला तिकड़ी फाइनल मुकाबले तक पहुंची। उन्होंने सेमीफाइनल में तीसरी वरीय दक्षिण कोरिया को 231-228 से हराकर शनिवार को शीर्ष वरीय कोलंबिया के खिलाफ स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला तय किया। कोरियाई टीम में पार्क येरिन, पार्क जुंगयून और कांग येओनसेओ शामिल थीं।

इस तरह भारतीय महिला टीम मौजूदा सत्र में अपने दूसरे विश्व कप स्वर्ण पदक की तलाश में होगी। टीम प्यूब्ला में सत्र के शुरुआती चरण में जीत हासिल कर चुकी है। तीन विश्व कप चरण में इस स्वर्ण के अलावा भारत के लिए साहिल जाधव ने ही व्यक्तिगत कांस्य पदक जीता। दूसरी ओर साहिल जाधव, गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु और कुशाल दलाल की कंपाउंड पुरुष टीम कांस्य पदक के प्ले ऑफ में जर्मनी से 232-233 से हार गई। तीन दौर के बाद मुकाबला 174-174 की बराबरी पर था लेकिन साइमन मोरिट्ज, पाउलो कुंश और नोआ नूबर की जर्मनी की तिकड़ी ने आखिरी राउंड में लगभग बेदाग प्रदर्शन किया और सिर्फ एक अंक गंवाकर कांस्य पदक जीत लिया।

इससे पहले शीर्ष वरीय भारतीय पुरुष टीम को सेमीफाइनल में शूट ऑफ में मैक्सिको से दिल तोड़ने वाली हार का सामना करना पड़ा था। तय 24 तीरों के बाद दोनों टीम 237-237 पर बराबरी पर थीं और शूट ऑफ भी 30-30 पर बराबरी पर खत्म हुआ। मैक्सिको ’केंद्र के सबसे करीब’ वाले टाईब्रेक नियम के आधार पर जीतकर फाइनल में पहुंच गया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article