उपलब्धियों वाला साल! भारतीय महिला हॉकी टीम ने पहली बार वर्ल्ड रैंकिंग में हासिल किया ये मुकाम

सलीमा टेटे की अगुवाई वाली भारतीय महिला हॉकी टीम ने भोपाल में चल रही महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में अपने धमाकेदार प्रदर्शन के बाद वर्ल्ड रैंकिंग में पहली बार चौथी स्थान पर पहुंच गई है।

भोपाल: भारतीय महिला हॉकी टीम ने बुधवार को यहां महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में जापान को 4-0 से हराने के बाद एफआईएच की ताजा विश्व रैंकिंग में चौथा स्थान हासिल किया जो उसकी अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। भारत ने एक दिन पहले ही चीन को 6-2 से हराकर पहली बार पांचवें स्थान पर पहुंचकर विश्व रैंकिंग के शीर्ष पांच में जगह बनाई थी।

Indian women hockey team

भारतीय महिला हॉकी टीम (फोटो क्रेडिट Hockey India X)

वर्ल्ड रैंकिंग में चौथे पायदान पर पहुंची भारतीय महिला टीम

एशिया की दो मजबूत टीमों के खिलाफ इन लगातार जीत से भारतीय टीम ने अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में अपना सर्वश्रेष्ठ स्थान हासिल किया। जापान के खिलाफ 4-0 की जीत से भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और लीग चरण में अपना अजेय अभियान बरकरार रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की की। चीन के खिलाफ भारत की 6-2 की जीत भी खास रही। यह टूर्नामेंट के इतिहास में चीन की टीम के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत ने 2013 के टूर्नामेंट में चीन को 4-2 से हराया था।

महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में रही है अबतक अजेय

भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में मलेशिया, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया, चीन और जापान को हराकर अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। कप्तान सलीमा टेटे की अगुवाई में गत चैंपियन भारतीय टीम अब रिकॉर्ड चौथी बार खिताब जीतने और लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

उपलब्धियों भरा रहा है भारतीय टीम के लिए साल 2026

भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए यह साल उपलब्धियों से भरा रहा है। टीम ने एफआईएच नेशंस कप का खिताब जीता, एफआईएच हॉकी विश्व कप में ऐतिहासिक पांचवां स्थान हासिल किया जो 1974 के बाद उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसके अलावा भारतीय टीम ने 44 साल के अंतराल के बाद एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक भी जीता।

(भाषा)

End Article
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रका...

End of Feed