स्पोर्ट्स

भारतीय टेनिस दिग्गज लिएंडर पेस एटीपी में प्लेयर एंबेसडर के तौर पर शामिल हुए

दिग्गज लिएंडर पेस को एशियाई टेनिस महासंघ (ATF) का प्लेयर एंबेसडर नियुक्त किया गया है। क्योंकि इस महाद्वीपीय संस्था का मकसद खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी को प्रेरित करना और पूरे क्षेत्र में इस खेल के विकास को गति देना है। खिलाड़ी दूत के तौर पर पेस पूरे महाद्वीप में टेनिस को बढ़ावा देने युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने, जमीनी स्तर के विकास कार्यक्रमों का समर्थन करने और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में महासंघ का प्रतिनिधित्व करने के लिए एटीएफ के साथ काम करेंगे।

Image

लिएंडर पेस बने प्लेयर एंबेसडर। फोटो-ATF

लंदन, (भाषा)। दिग्गज लिएंडर पेस को एशियाई टेनिस महासंघ (ATF) का प्लेयर एंबेसडर नियुक्त किया गया है। क्योंकि इस महाद्वीपीय संस्था का मकसद खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी को प्रेरित करना और पूरे क्षेत्र में इस खेल के विकास को गति देना है। यह घोषणा मंगलवार को विंबलडन चैंपियनशिप के दौरान एटीएफ के अध्यक्ष यूरी पोल्स्की, वरिष्ठ अधिकारियों, खिलाड़ियों और अंतरराष्ट्रीय टेनिस समुदाय के सदस्यों की मौजूदगी में की गई।

इस खेल के इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक पेस का पेशेवर करियर तीन दशक से भी अधिक समय तक चला। अटलांटा 1996 खेलों के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता पेस ने 18 ग्रैंडस्लैम खिताब जीते जिसमें आठ मेंस युगल और 10 मिश्रित युगल खिताब शामिल हैं। साथ ही उन्होंने दोनों श्रेणियों में करियर ग्रैंडस्लैम (चारों ग्रैंडस्लैम जीतना) भी पूरा किया। युगल में दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी और डेविस कप प्रतिबद्धता पुरस्कार के विजेता पेस एशिया में टेनिस के सबसे बड़े दूत में से एक और भारत के सबसे मशहूर खेल आइकन में से एक रहे हैं।

एटीएफ के साथ काम करेंगे

खिलाड़ी दूत के तौर पर पेस पूरे महाद्वीप में टेनिस को बढ़ावा देने युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने, जमीनी स्तर के विकास कार्यक्रमों का समर्थन करने और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में महासंघ का प्रतिनिधित्व करने के लिए एटीएफ के साथ काम करेंगे। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब एटीएफ पूरे एशिया में खिलाड़ियों के लिए अवसर बढ़ा रहा है। इसके लिए जूनियर, पेशेवर और व्हीलचेयर टूर्नामेंट, कोच और अधिकारियों के लिए शिक्षा कार्यक्रम, हाई परफोर्मेंस पहल और राष्ट्रीय महासंघों को मजबूत करने और खेल में भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से विकास परियोजनाओं का एक मजबूत कैलेंडर तैयार किया गया है।

खिलाड़ियों को तैयार करने की होगी जिम्मेदारी

एटीएफ का मानना है कि यह साझेदारी अधिक विश्व स्तरीय एशियाई खिलाड़ी तैयार करने के उसके मिशन को मजबूत करेगी और साथ ही पूरे महाद्वीप में लाखों उभरते हुए खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। वर्ष 2024 में खिलाड़ी श्रेणी में ’इंटरनेशनल टेनिस हॉल ऑफ फेम’ में शामिल किए गए पेस ने कहा, खिलाड़ी दूत के तौर पर एशियाई टेनिस महासंघ से जुड़ना सम्मान की बात है। एशिया में अद्भुत प्रतिभा, जुनून और क्षमता है तथा मैं उस खेल को कुछ वापस देने के लिए उत्सुक हूं जिसने मुझे इतना कुछ दिया है।

उन्होंने कहा, एटीएफ के साथ मिलकर मैं युवा खिलाड़ियों को बड़े सपने देखने, कड़ी मेहनत करने और यह विश्वास करने के लिए प्रेरित करने की उम्मीद करता हूं कि वे दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का मुकाबला कर सकते हैं। जमीनी स्तर पर टेनिस का विकास करना और साथ ही उत्कृष्टता के लिए रास्ते बनाना हमारा साझा लक्ष्य होगा।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article