भारत ने अगले महीने बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले विश्व कप के लिए महिला हॉकी टीम में भरोसेमंद खिलाड़ियों पर ही भरोसा दिखाया है तथा इस टूर्नामेंट के लिए भी सितंबर-अक्टूबर में होने वाले एशियाई खेलों के लिए चुनी गई 20 सदस्यीय टीम को ही बरकरार रखा है। टीम की घोषणा शुक्रवार को की गई जिसकी कप्तानी सलीमा टेटे करेंगी। मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने इसे एक संतुलित टीम बताया है। विश्व कप 15 से 30 अगस्त तक खेला जाएगा।
अभी बेंगलुरु में राष्ट्रीय शिविर में भाग ले रही भारतीय टीम अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण है। भारतीय टीम का हाल में प्रदर्शन प्रभावशाली रहा, विशेष रूप से पिछले महीने न्यूजीलैंड में एफआईएच नेशंस कप में, जहां उसने अजेय रहते हुए ट्रॉफी जीती और एफआईएच प्रो लीग में फिर से जगह बनाई।
टीम में सविता और बिचु देवी खारीबाम दो गोलकीपर हैं। रक्षापंक्ति में इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरंबम, लालथंतलुआंगी, ज्योति और शिल्पी डबास शामिल हैं। कप्तान सलीमा, निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा और दीपिका सोरेंग मध्य पंक्ति जबकि लालरेम्सियामी, रुतुजा दादासो पिसल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग अग्रिम पंक्ति का जिम्मा संभालेंगी।
मारिन ने हॉकी इंडिया की प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "हमने संतुलित टीम का चयन किया है जो बड़ी चुनौतियों के लिए तैयार हैं। टीम ने टूर्नामेंट की तैयारी में कड़ी मेहनत की है और हमें इस टीम की क्षमता पर पूरा भरोसा है।" विश्व कप में भारतीय टीम को चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ पूल डी में रखा गया है।
यह टीम पूल चरण के अपने सभी मैच नीदरलैंड के एमस्टेलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेलेगी। वह 16 अगस्त को चीन के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। जिसके बाद उसका सामना 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से होगा। एशियाई खेल 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में आयोजित किए जाएंगे।
टीम इस प्रकार है
गोलकीपर: सविता, बिचू देवी खारीबाम।
डिफेंडर: इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरंबम, लालथंतलुआंगी, ज्योति, शिल्पी डबास ।
मिडफील्डर: निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, दीपिका सोरेंग।
फॉरवर्ड: लालरेम्सियामी, रुतुजा दादासो पिसल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग।
