Hockey World Cup: भारतीय महिला हॉकी टीम ने वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत दमदार अंदाज में की। रविवार को वागनर स्टेडियम में खेले गए पूल डी के मैच में भारत ने पेरिस ओलंपिक की सिल्वर मेडलिस्ट और मौजूदा वर्ल्ड नंबर-4 चीन को 2-2 से ड्रॉ पर रोक दिया। एफआईएच रैंकिंग में 5 स्थान ऊपर वाली टीम के खिलाफ ये ड्रॉ भारत के लिए जीत जैसा है। कोच शोर्ड मारिन की टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और चीन को बैकफुट पर धकेल दिया।
भारत ने किया पहला गोल
मैच के 8वें मिनट में नवनीत कौर ने फील्ड गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाकर चीन को हैरान कर दिया। नवनीत शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने एशिया कप और क्वालीफायर्स में भी गोल किए थे। लेकिन पहले क्वार्टर के आखिरी सेकेंड में भारत की गलती भारी पड़ी। शिल्पी के फाउल पर चीन को पेनल्टी स्ट्रोक मिला जिसे झांग यिंग ने गोल में बदला और स्कोर 1-1 कर दिया। दूसरे क्वार्टर में ड्रैग फ्लिकर दीपिका ने अपना जलवा दिखाया। 25वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर उन्होंने सटीक गोल दागकर भारत को फिर 2-1 से आगे कर दिया। दीपिका ने हाल ही में नेशंस कप 2026 में 6 गोल किए थे और टूर्नामेंट भी भारत ने जीता था।
तीसरे क्वार्टर ने चीन ने की बराबरी
तीसरे क्वार्टर में चीन ने वापसी की। 39वें मिनट में मा निंग ने चीन के पहले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर स्कोर 2-2 कर दिया। चौथे क्वार्टर में चीन ने लगातार दबाव बनाया। 56वें मिनट में उन्हें पेनल्टी कॉर्नर भी मिला, लेकिन भारतीय डिफेंस और गोलकीपर सविता पुनिया दीवार बनकर खड़ी रहीं। 313 इंटरनेशनल मैच खेल चुकी सविता का ये तीसरा वर्ल्ड कप है और बड़े मैचों में उनका अनुभव टीम के काम आया। चीन ने पिछले महीने ही एशिया कप फाइनल में भारत को 4-1 से हराया था। ऐसे में इस ड्रॉ से टीम इंडिया का आत्मविश्वास जरूर बढ़ेगा।
