स्पोर्ट्स

U-18 Asia Cup Hocky: रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को पटखनी देकर फाइनल में पहुंचा भारत, जापान से होगी खिताबी भिड़ंत

भारत ने चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में 5-3 के अंतर से मात देकर अंडर-18 एशिया कप 2026 के फाइनल में एंट्री कर ली है जहां मेजबान जापान से उसकी खिताबी भिड़ंत होगी।

Image

पाकिस्तान को मात देने वाली भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम

काकामिगाहारा (जापान): आखिरी क्वार्टर में तीन गोल करने वाले आशीष तानी पूर्ति के चार गोल की मदद से भारत ने शुक्रवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5-3 से हराकर अंडर-18 पुरुष एशिया कप हॉकी के फाइनल में प्रवेश कर लिया। आखिरी क्वार्टर तक 2-3 से पीछे चल रही भारतीय टीम ने आखिरी मिनटों में जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए दनादन गोल दागे।

मैच की शुरूआत धीमी रही और दोनों टीमें मिडफील्ड में गेंद पर नियंत्रण के लिये जूझती नज़र आई। भारत ने 12वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक हासिल किया जब पाकिस्तान की रक्षापंक्ति ने चूक की। फॉरवर्ड आशीष तानी पूर्ति (12वां मिनट) ने गोल करके भारत को 1-0 से बढ़त दिलाई जो पहले क्वार्टर में कायम रही। पाकिस्तान को दूसरे क्वार्टर में 16वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारतीय गोलकीपर आयुष रजक और डिफेंडर अंश बहुत्रा ने मिलकर अहमद उजैर की ड्रैग फ्लिक को गोल में तब्दील नहीं होने दिया। पाकिस्तान ने 27वें मिनट में बराबरी का गोल दागा जब अदील ने गेंद पर कब्जा करके फील्ड गोल किया।

तीसरे क्वार्टर में भारत था 2-3 से पीछे

तीसरे क्वार्टर में भारत ने शाहरूख अली (35वां) के गोल के दम पर फिर बढ़त बना ली । लेकिन यह ज्यादा देर कायम नहीं रही और दो मिनट बाद पाकिस्तान के लिये मोहम्मद फरहान ने फील्ड गोल किया। पाकिस्तान ने 42वें मिनट में बढत बना ली जब उजैर अहमद कुरैशी ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा। तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारत 2-3 से पीछे था।

चौथे क्वार्टर में दर्ज की जीत

आखिरी क्वार्टर में पाकिस्तान के मुजम्मिल सईद को 46वें मिनट में ग्रीन कार्ड देखना पड़ा। भारत को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले और दूसरे पर आशीष ने गोल करके 49वें मिनट में स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। आशीष ने 53वें मिनट में एक बार फिर पेनल्टी कॉर्नर तब्दील करके हैट्रिक पूरी की और भारत को 4-3 से बढ़त दिलाई। चार मिनट बाकी रहते भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला जिस पर आशीष ने चौथा गोल किया। फाइनल में शनिवार को भारत का सामना जापान से होगा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article