IND vs PAK Hockey Highlights, Asian Games 2023: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ग्वांगझू में जारी एशियन गेम्स 2023 में पाकिस्तानी हॉकी टीम को करारी शिकस्त दी है। भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तानी हॉकी टीम को एकतरफा मुकाबले में 10-2 से रौंदा। ये पाकिस्तान के खिलाफ हॉकी में भारत की सबसे बड़ी जीत साबित हुई।
भारत ने हॉकी में पाकिस्तान को शिकस्त दी (SAI Media)
पूल-ए के निर्णायक मुकाबले में भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान पर शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाकर रखा। भारत की तरफ से पहला गोल 8वें मिनट में मनदीप ने किया। इसके बाद 11वें मिनट में भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला जिस पर हरमनप्रीत ने गोल करते हुए भारत को 2-0 से आगे कर दिया। इसी के साथ पहले क्वार्टर का अंत हुआ।
दूसरे क्वार्टर में भी गोल की शुरुआत कप्तान हरमनप्रीत ने की। हरमनप्रीत ने शानदार गोल करते हुए भारत को 3-0 से आगे कर दिया। इसके बाद हाफ टाइम होने से ठीक पहले एक रेफरल के मदद से भारत को उसका चौथा गोल मिल गया। हाफ टाइम तक स्कोर 4-0 था।
तीसरे क्वार्टर में हरमनप्रीत शानदार लय में नजर आए और भारत के लिए 5वां गोल किया और साथ ही अपनी हैट्रिक पूरी कर ली। वो यहीं नहीं रुके 34वें मिनट में हरमनप्रीत ने अपना चौथा और टीम का छठा गोल भी कर दिया। इसके चार मिनट बाद पाकिस्तान ने किसी तरह 38वें मिनट में मुहम्मद खान के दम पर अपना पहला गोल किया। स्कोर 6-1 था।
भारत के लिए सातवां गोल वरुण कुमार ने 41वें मिनट में किया। इसके बाद पाकिस्तान के अब्दुल राणा ने अपनी टीम के लिए 45वें मिनट में दूसरा गोल किया। जबकि 46वें मिनट में भारत के शमशेर के एक शानदार फील्ड गोल ने भारत को उसका 8वां गोल भी दिला दिया। इस गोल के तीन मिनट बाद 49वें मिनट में ललित और जरमनप्रीत की जुगलबंदी से भारत ने 9वां गोल दाग दिया।
वरुण कुमार ने 53वें मिनट में भारत के लिए 10वां गोल भी किया और इसी के साथ भारतीय हॉकी टीम ने ये मुकाबला 10-2 से जीतकर इतिहास रचा। इससे ठीक पहले भारत ने जापान को भी 4-2 शिकस्त दी थी। जबकि उससे पूर्व उजबेकिस्तान को 16-0 और सिंगापुर को 16-1 से मात दी थी।
