नई दिल्ली: भारतीय निर्वाचन आयोग के खिलाफ जारी विरोध-प्रदर्शनों के बीच रविवार को आयोजित होने वाली वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के आयोजकों ने शुक्रवार को दौड़ के मार्ग में मामूली बदलाव की घोषणा की है जिसके तहत धावक रेल भवन, संसद मार्ग और पटेल चौक से होकर नहीं गुजरेंगे। प्रदर्शन के कारण इन तीनों स्थानों के आसपास पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर रखी है। ये स्थान पिछले वर्षों में हाफ मैराथन के पारंपरिक मार्ग का हिस्सा रहे हैं। विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए आयोजकों ने दौड़ के मार्ग में संशोधन किया है।
आयोजकों की ओर से जारी बयान के अनुसार,'इस वर्ष हाफ मैराथन के 10 से 13 किलोमीटर के बीच के मार्ग में मामूली बदलाव किया गया है। धावक कर्तव्य पथ से बाईं ओर मुड़कर सेवा तीर्थ गोलचक्कर की ओर जाएंगे। इसके बाद वे मौलाना आजाद रोड पर बाईं ओर मुड़ेंगे। वहां से यू-टर्न लेकर सेवा तीर्थ गोलचक्कर के आसपास से होते हुए रफी मार्ग पहुंचेंगे और फिर दाईं ओर मुड़कर दोबारा कर्तव्य पथ पर आ जाएंगे।'
इससे पहले धावक कर्तव्य पथ से दाईं ओर मुड़कर रेल भवन, संसद मार्ग और पटेल चौक की ओर जाते थे। इस बार संसद मार्ग से दौड़ की शुरुआत भी नहीं होगी। निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोग मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि मतदाता सूचियों में हेरफेर किया गया है।
एलीट हाफ मैराथन में 21.09 किलोमीटर की पुरुषों की दौड़ सुबह 5:18 बजे और महिलाओं की दौड़ सुबह 5:20 बजे शुरू होगी। पुरुष वर्ग में दो बार खिताब जीत चुके बिरहानु लेगेसे प्रमुख धावकों में शामिल हैं। वहीं, महिला वर्ग में 2022 की विजेता आइरीन चेपेट चेपटाई आकर्षण का केंद्र रहेंगी। एलीट स्पर्धा में भारत के 22 पुरुष और 20 महिला धावक हिस्सा लेंगे।
ओपन 10 किलोमीटर दौड़ जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होगी जबकि दिव्यांगों की 'चैंपियंस विद डिसेबिलिटी' रन और वरिष्ठ नागरिकों की दौड़ अब पहले निर्धारित सुबह सात बजे के बजाय सुबह 6:30 बजे शुरू होगी। आयोजकों ने बताया कि प्रतिभागियों को मार्ग और समय में हुए बदलावों की जानकारी सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप, ईमेल और एक्सपो के दौरान उपलब्ध कराए गए संदेशों के माध्यम से दी गई है। आयोजकों के मुताबिक, ग्रेट दिल्ली रन के मार्ग और दौड़ शुरू होने के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
(भाषा)
