स्पोर्ट्स

Hong Kong Open: सेमीफाइनल में पहुंची सात्विक-चिराग की जोड़ी, मलेशियाई जोड़ी को दी पटखनी

सात्विकसाईराज रंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी हांगकांग ओपन के सेमीफाइनल में मलेशियाई जोड़ी को पटखनी देकर पहुंच गई है।

Image

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी (फोटो क्रेडिट ANI)

हांगकांग: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को अपने मलेशियाई प्रतिद्वंद्वियों को तीन गेम में हराकर हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सात्विक और चिराग ने बेहतर तालमेल का नमूना पेश किया और इस 500,000 डॉलर इनामी प्रतियोगिता में 64 मिनट तक चले मुकाबले में आरिफ जुनैदी और रॉय किंग याप की जोड़ी को 21-14, 20-22, 21-16 से हराया।

सात्विक और चिराग की आठवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने धीमी शुरुआत की, लेकिन एक बार जब स्कोर 12-12 हो गया तो उन्होंने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया और लगातार पांच अंक बना कर पहला गेम जीता। मलेशियाई खिलाड़ियों ने दूसरे गेम में अपनी लय हासिल करके अच्छी वापसी की। उन्होंने स्कोर 6-6 से बराबर किया और इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। लेकिन सात्विक और चिराग ने अच्छी वापसी करके स्कोर 20-20 से बराबर कर दिया। मलेशिया की जोड़ी ने हालांकि अगले दो अंक बनाकर मैच को बराबरी पर ला दिया।

तीसरे और निर्णायक गेम में भारतीय जोड़ी ने बेहतर खेल दिखाया और मलेशिया की जोड़ी को एक बार भी बढ़त हासिल नहीं करने दी और मैच अपने नाम किया। सात्विक और चिराग ने गुरुवार को थाईलैंड के पीराचाई सुकफुन और पक्कापोन तीरात्साकुल को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की थी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article