Hockey World Cup 2026: हॉकी वर्ल्ड कप के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने वेल्स को 3-1 से हराकर शानदार शुरुआत की। बेल्जियम और नीदरलैंड्स में खेले जा रहे पुरुष टीम के वर्ल्ड कप के अपने पहले मैच में भारत ने शानदार खेल दिखाया। पूल D में भारत का पहला मुकाबला वेल्स से हुआ। भारतीय हॉकी टीम आज पहली बार अपनी नई ऑरेंज जर्सी में खेलती दिखाई दी। वेल्स के खिलाफ पहले क्वार्टर में ही भारतीय टीम ने दो गोल कर दिए थे।
पहले क्वार्टर में भारत ने किया 2 गोल
भारतीय टीम का पहला गोल 7वें मिनट में आया। उस समय कप्तान हरमनप्रीत सिंह मैदान से बाहर थे। इस बीच भारत को 7वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला। लेकिन, यह गोल में तब्दील नहीं हो पाया। हालांकि, इसके कुछ ही सेकंड बाद 8वें मिनट पर संजय ने गोल दागकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। संजय ने भारत के लिए पहला गोल किया। संजय ने दूसरे पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला।
सरपंच साहब ने किया दूसरा गोल
पहले ही क्वार्टर में भारत को दूसरा गोल भी मिल गया। इस बार भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल किया। 'सरपंच साहब' के नाम से मशहूर हरमनप्रीत सिंह ने ने 11वें मिनट में भारत को मिले एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। यह गोल उनके सिग्नेचर ड्रैग-फ्लिक से आया और पहले क्वार्टर में भारत 2-0 से आगे हो गया। हालांकि, दूसरे क्वार्टर में ना तो भारत और ना ही वेल्स कोई गोल कर पाया। दूसरे क्वार्टर में भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया हुआ था और कई बार टीम गोल करने के करीब भी पहुंची, लेकिन एक भी गोल कर नहीं पाई। पहले हाफ में भारतीय टीम को 4 पेनल्टी कॉर्नर मिले। जिसमें से दो को भारत ने गोल में तब्दील किया।
कप्तान ने किया टीम का तीसरा गोल
भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने तीसरे क्वार्टर में टीम का तीसरा गोल करके 3-0 की बढ़त दिलाई। इस बार भी सरपंच साहब ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। यह भारतीय कप्तान का मैच का दूसरा गोल भी था। तीसरे क्वार्टर में भारत को मिले पेनल्टी कॉर्नर को कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 43वें मिनट में शानदार ड्रैग फ्लिक पर गोल करके टीम को 3-0 से बढ़त दिला दी। यह विश्व कप में भारतीय कप्तान का 8वां गोल था। उन्होंने पिछले विश्व कप में 6 गोल किए थे।
वेल्स ने किया पहला गोल
चौथे क्वार्टर में वेल्स को अपना पहला गोल मिला। वेल्स ने मैच के 55वें मिनट में गोल किया। अब मैच का स्कोर भारत के पक्ष में 3-1 हो गया। आखिर तक यही स्कोर बरकरार रहा और भारतीय टीम ने 3-1 से मुकाबला जीत लिया। अब भारत का अगला मुकाबला 17 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ और 19 अगस्त को पाकिस्तान के खिलाफ है।
