स्पोर्ट्स

रूस की 19 वर्षीय मीरा आंद्रीवा ने फ्रेंच ओपन का महिला एकल खिताब जीतकर रचा इतिहास

रूस की टेनिस सनसनी मीरा आंद्रीवा ने शनिवार को फ्रेंच ओपन महिला एकल के फाइनल में पोलैंड की माया च्वालिंस्का को पटखनी देकर खिताब अपने नाम कर लिया है।

Image

मीरा आंद्रीवा

Photo : AP

पेरिस: रूस की टेनिस सनसनी मीरा आंद्रीवा ने शनिवार को फ्रेंच ओपन महिला एकल के फाइनल में पोलैंड की माया च्वालिंस्का को 6-3, 6-2 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। आंद्रीवा ने विश्व रैंकिंग में 114वें स्थान पर काबिज खिलाड़ी के खिलाफ केवल 19 वर्ष की आयु में करियर का पहला ग्रैंड स्लैम जीतकर टेनिस जगत में नया अध्याय जोड़ दिया है। यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि वह 1992 के बाद सबसे कम उम्र की महिला चैंपियन बनी हैं। यह रिकॉर्ड मोनिका सेलेस के नाम है जिन्होंने 18 वर्ष की आयु में फ्रेंच ओपन खिताब जीता था।

जीत दर्ज करते ही हुईं भावुक

मैच के अंतिम क्षण में जब विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर काबिज आंद्रीवा ने बैकहैंड क्रॉस-कोर्ट विनर लगाकर मैच प्वाइंट हासिल किया तो वह भावुक होकर क्ले कोर्ट पर घुटनों के बल बैठ गईं और जीत का जश्न मनाया। दूसरी ओर क्वालीफायर से फाइनल तक का सफर तय करने वाली च्वालिंस्का इतिहास रचने से चूक गईं। वह रोलां गैरो में खिताब जीतने वाली पहली क्वालीफायर खिलाड़ी बनने की कोशिश में थीं। आंद्रीवा को टेनिस जगत ने पहली बार 2023 मैड्रिड ओपन में पहचान मिली थी, जब 15 वर्ष की उम्र में उन्होंने डब्ल्यूटीए 1000 स्तर पर मुख्य ड्रॉ मैच जीतने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ियों में जगह बनाई और क्वार्टर फाइनल तक पहुंचीं।

न्यूट्रल खिलाड़ी के रूप में उतरी थीं टूर्नामेंट में

यूक्रेन युद्ध के चलते रूस के खिलाड़ियों पर लगे प्रतिबंधों के कारण आंद्रीवा को तटस्थ खिलाड़ी के रूप में खेलना पड़ा और उन्हें अपने देश का झंडा उपयोग करने की अनुमति नहीं मिली। सेमीफाइनल में उन्होंने यूक्रेन की खिलाड़ी मार्ता कोस्त्युक को हराया। इस मैच के बाद कोस्त्युक ने पारंपरिक खेल भावना के विपरीत उनसे हाथ मिलाने से इनकार कर दिया।

हवा ने दोनों खिलाड़ियों को किया परेशान

कोर्ट फिलिप शात्रीये पर खेले गए इस फाइनल में मौसम मुख्यतः साफ रहा, लेकिन तेज हवा ने दोनों खिलाड़ियों के खेल को प्रभावित किया। स्थानीय दर्शकों में पोलैंड समर्थकों की बड़ी मौजूदगी रही जिन्होंने च्वालिंस्का के समर्थन में झंडे लहराए और नारे लगाए। वहीं आंद्रीवा को सीमित समर्थन मिला। वहीं पुरुष युगल के फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त स्पेन की जोड़ी मार्सेल ग्रैनोलर्स और होरासियो जेबालोस ने हैरी हेलिओवारा और हेनरी पैटन को 6-4, 6-2 से हराकर अपना खिताब बरकरार रखा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article