स्पोर्ट्स

FIFA World Cup 2026: एमबाप्पे के गोल से क्वार्टर फाइनल में पहुंचा फ्रांस, पराग्वे को 1-0 से दी मात

FIFA World Cup 2026: फिलाडेल्फिया के लिंकन फाइनेंशियल फील्ड में खेले गए मैच में कप्तान काइलियान एमबाप्पे ने दूसरे हाफ में पेनल्टी पर गोल कर टीम को जीत दिलाई।

Image

क्वार्टर फाइनल में पहुंचा फ्रांस (फोटो साभार- FIFA)

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में फ्रांस ने पराग्वे को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। फिलाडेल्फिया के लिंकन फाइनेंशियल फील्ड में खेले गए मैच में कप्तान काइलियान एमबाप्पे ने दूसरे हाफ में पेनल्टी पर गोल कर टीम को जीत दिलाई। मैच के बाद एमबाप्पे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "A day at work", साथ में मैच की कुछ तस्वीरें भी शेयर कीं। उनके इस मैसेज ने बता दिया कि फ्रांस के लिए यह जीत कितनी मुश्किल थी। ग्रुप स्टेज में आसान जीत दर्ज करने वाली फ्रांस को पैराग्वे ने कड़ी टक्कर दी। पहला हाफ बेहद संघर्षपूर्ण रहा।

क्वार्टर फाइनल में पहुंचा फ्रांस

पराग्वे ने जर्मनी को हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई थी और फ्रांस के खिलाफ भी डिफेंस में शानदार अनुशासन दिखाया। 1966 के बाद यह सिर्फ तीसरा वर्ल्ड कप नॉकआउट मैच रहा जिसमें हाफ टाइम तक किसी भी टीम का एक भी शॉट टारगेट पर नहीं लगा। पहले हाफ में एमबाप्पे की एंड्रेस कुबास से टक्कर के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी आपस में भिड़ भी गए। दूसरे हाफ में फ्रांस ने अटैक तेज किया। 66वें मिनट में सब्स्टीट्यूट डिजायर डू ने तीन डिफेंडरों को छकाया और डिएगो गोमेज ने बॉक्स में उन्हें गिरा दिया। रेफरी ने पेनल्टी दी। पैराग्वे के खिलाड़ियों ने खेल रोकने की कोशिश की, लेकिन एमबाप्पे ने दबाव में भी शानदार तरीके से पेनल्टी को बॉटम कॉर्नर में डालकर स्कोर 1-0 कर दिया।

जीतने के लिए लगाना पड़ा पूरा दम

इसके बाद पराग्वे ने बराबरी के लिए पूरा जोर लगा दिया, पर फ्रांस का डिफेंस डटा रहा। इंजरी टाइम में एमबाप्पे के पास बढ़त दोगुनी करने का मौका था, लेकिन गोलकीपर ऑरलैंडो गिल ने बेहतरीन डबल सेव कर दिया। यह फ्रांस के लिए टूर्नामेंट का अब तक का सबसे मुश्किल मैच रहा। कोच डिडिए डेसचैम्प्स की टीम अब क्वार्टर फाइनल में मोरक्को से भिड़ेगी। दो बार की चैंपियन फ्रांस की नजरें तीसरे वर्ल्ड कप खिताब पर हैं। एमबाप्पे की पेनल्टी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मैचों में वह कितने अहम हैं। पराग्वे ने हार के बावजूद दिल जीता और फ्रांस को पूरे 90 मिनट तक परेशान रखा।

Aditya Sahu
आदित्य साहू author

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों... और देखें

End of Article