स्पोर्ट्स

मेसी या रोनाल्डो नहीं, बाइचुंग भूटिया ने किसे बता दिया इस विश्व कप का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

FIFA World Cup 2026: इंग्लैंड ग्रुप एल में दो जीत और एक ड्रॉ के साथ टॉप पर रहा। प्री-क्वार्टर फाइनल में टीम ने कांगो को 2-1 से हराया। इंग्लैंड के 8 में से 5 गोल अकेले केन ने किए हैं। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल के मामले में वह मेसी (8) और एमबाप्पे (7) के बाद 5 गोल के साथ तीसरे नंबर पर हैं।

Image

बाइचुंग भूटिया (फोटो साभार- bhaichung15)

FIFA World Cup 2026: भारत के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया ने फीफा वर्ल्ड कप में अब तक के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को लेकर बड़ा बयान दिया है। भूटिया का मानना है कि इस बार लियोनेल मेसी या काइलियान एमबाप्पे नहीं, बल्कि इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन सबसे प्रभावी खिलाड़ी रहे हैं। पीटीआई से बातचीत में भूटिया ने कहा, "मेरे हिसाब से हैरी केन सबसे प्रभावी रहे हैं। उन्होंने अपने दम पर इंग्लैंड को यहां तक पहुंचाया और जरूरत के समय गोल किए।" भूटिया ने साफ किया कि पूरी टीम का दारोमदार उठाने के मामले में केन मेसी और एमबाप्पे से आगे हैं।

भूटिया की नजर में इस विश्व कप के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

इंग्लैंड ग्रुप एल में दो जीत और एक ड्रॉ के साथ टॉप पर रहा। प्री-क्वार्टर फाइनल में टीम ने कांगो को 2-1 से हराया। इंग्लैंड के 8 में से 5 गोल अकेले केन ने किए हैं। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल के मामले में वह मेसी (8) और एमबाप्पे (7) के बाद 5 गोल के साथ तीसरे नंबर पर हैं। भूटिया ने कहा कि केन 'गोल्डन बॉल' या 'गोल्डन बूट' दोनों के दावेदार हैं। "यह इस पर निर्भर करेगा कि टीम कहां तक जाती है। इंग्लैंड फाइनल खेलता है तो निश्चित तौर पर केन। फ्रांस पहुंचता है तो एमबाप्पे। केन और एमबाप्पे में से ही कोई होगा। मेसी को अभी तक कठिन मुकाबले नहीं मिले हैं। अब अंतिम 16 के आगे अर्जेंटीना को असली चुनौती मिलेगी।"

दुनिया का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी किसे मानते हैं भूटिया

जी-5 के एक्सपर्ट पैनल के सदस्य भूटिया ने फ्रांस, अर्जेंटीना, स्पेन और इंग्लैंड को अब तक की टॉप-4 टीमें बताया। उन्होंने कहा, "फ्रांस सबसे आक्रामक फुटबॉल खेल रहा है। अगर एक टीम चुननी हो तो वह फ्रांस है।" सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पर भूटिया ने चौंकाया। उन्होंने कहा, "इस समय मेसी निश्चित तौर पर रोनाल्डो से बेहतर है। लेकिन मेसी, रोनाल्डो, माराडोना या पेले नहीं, बल्कि ब्राजील के रोनाल्डो को मैं सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर कहूंगा।" भूटिया के मुताबिक केन ने बड़े और कठिन मैचों में प्रदर्शन किया है। मेसी और एमबाप्पे ने भी अच्छा खेला है, लेकिन टीम को अकेले खींचने का काम केन ने सबसे बेहतर किया है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article