स्पोर्ट्स

FIFA World Cup Qualifiers: खराब रेफरिंग की वजह से कतर से हारा भारत, हाथ से फिसला इतिहास रचने का मौका

भारतीय फुटबॉल टीम मंगलवार को कतर के खिलाफ एक के मुकाबले दो गोल के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। मैच रेफरी के खराब निर्णय का खामियाजा भारतीय टीम को भुगतना पड़ा।

Image

भारतीय फुटबॉल टीम(साभार Fancode Sceen Grab)

दोहा: कतर ने मंगलवार को विवादास्पद गोल की बदौलत भारतीय फुटबॉल टीम को फीफा विश्व कप के दूसरे दौर के क्वालीफायर मुकाबले में 2-1 से हरा दिया। खराब रेफरिंग के कारण भारत फीफा विश्व कप क्वालीफायर के तीसरे दौर में प्रवेश कर इतिहास रचने का मौका चूक गया। भारतीय टीम अगर ये मैच जीत जाती तो पहली बार फीफा वर्ल्ड कप क्वालीफायर के तीसरे दौर में प्रवेश कर लेती। भारतीय फुटबॉल के इतिहास में ये दिन यादगार हो सकता था।

मैदान से बाहर जा चुकी गेंद को वापस खींचकर किया गोल

देश के सबसे महान फुटबॉलर सुनील छेत्री के अंतरराष्ट्रीय संन्यास के पांच दिन बाद 121वीं रैंकिंग वाली भारतीय टीम लालियानजुआला चांगटे के 37वें मिनट में किये गये गोल की बदौलत आगे चल रही थी। लेकिन रेफरी ने यूसुफ अयमन के गोल को सही करार दे दिया जबकि ऐसा लग रहा था कि गेंद मैदान से बाहर जा चुकी थी। उसे कतर के खिलाड़ी ने वापस मैदान में खींचकर यूसुफ अयमन के पास पहुंचा दिया जिसे उन्होंने गोल पोस्ट में भेज दिया। इस गोल का भारतीय कप्तान और गोलकीपर गुरप्रीत ने विरोध किया लेकिन रेफरी ने इस गोल को अमान्य नहीं ठहराया।

विवादित फैसले की वजह से हारा भारत

रेफरी के इस विवादास्पद फैसले के कारण भारतीय टीम की मैच में लय प्रभावित हुई और एशियाई चैम्पियन कतर ने 85वें मिनट में अहमद अल रावी की बदौलत अपना दूसरा गोल करके कतर को 2-1 से आगे कर दिया। एक अन्य मैच में कुवैत ने अफगानिस्तान को 1-0 से हराया। इस तरह कतर और कुवैत अगले दौर में पहुंच गए।

सोशल मीडिया पर छिड़ा विवाद

भारतीय टीम की कतर के खिलाफ विवादास्पद गोल की वजह से हार के बाद सोशल मीडिया पर जमकर विवाद छिड़ गया है। फैन्स फीफा को टैग करके मैच दोबारा कराने की मांग कर रहे हैं। कतर की टीम को चीटर करार दिया जा रहा है। कुछ लोग कह रहे हैं कि कतर ने भारतीय फुटबॉल टीम से जीत की लूट की है। हालांकि विवाद पर फीफा की तरफ से अबतक कोई सफाई नहीं आई है।

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article