स्पोर्ट्स

FIFA World Cup: दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी जेडन एडम्स की संदिग्ध हालात में हुई थी मौत, अब पुलिस ने शुरू की जांच

FIFA World Cup 2026: एडम्स के पिता जुआनितो एडम्स ने कहा कि परिवार पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह असमय मौत है और पूरा परिवार सदमे में है। इसे स्वीकार करना आसान नहीं होगा।

Image

साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी की मौत (फोटो साभार- FIFA)

FIFA World Cup 2026: दक्षिण अफ्रीका के विश्व कप फुटबॉलर जेडन एडम्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से खेल जगत में शोक की लहर है। 25 साल के इस मिडफील्डर का शव सप्ताहांत में केप टाउन की एक संपत्ति से बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में ‘इनक्वेस्ट’ दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एडम्स ने दक्षिण अफ्रीका को पहली बार फीफा विश्व कप के नॉकआउट चरण तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी मौत के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हुआ है।

पुलिस ने शुरू की पूछताछ

केप टाउन सेंट्रल पुलिस ने सोमवार को बयान जारी कर कहा, “शनिवार को 25 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद इनक्वेस्ट दर्ज किया गया है। घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।” पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 11 बजे ‘शॉट्सचे क्लूफ’ इलाके की एक प्रॉपर्टी से शव बरामद हुआ। मामले से जुड़े अन्य विवरण अभी साझा नहीं किए गए हैं। एडम्स के पिता जुआनितो एडम्स ने दक्षिण अफ्रीकी न्यूज चैनल ईएनसीए से बातचीत में कहा कि परिवार पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। उन्होंने कहा, “यह असमय मौत है और पूरा परिवार सदमे में है। इसे स्वीकार करना आसान नहीं होगा। लोग कहते हैं समय के साथ सब ठीक हो जाता है, लेकिन ऐसा नहीं होता। इंसान बस इसके साथ जीना सीख जाता है।” अंतिम संस्कार की कोई तारीख अभी तय नहीं की गई है।

एडम्स की याद में रखा गया मौन

एडम्स की याद में विश्व कप के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों- इंग्लैंड बनाम नॉर्वे और अर्जेंटीना बनाम स्विट्जरलैंड मैच से पहले दो मिनट का मौन रखा गया। स्टेडियम में मौजूद दर्शकों और खिलाड़ियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। जेडन एडम्स को दक्षिण अफ्रीका की नई पीढ़ी का सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी माना जाता था। विश्व कप में उनके प्रदर्शन ने टीम को ऐतिहासिक नॉकआउट तक पहुंचाया था। उनकी अचानक मौत से फैंस और साथी खिलाड़ी स्तब्ध हैं। पुलिस पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Aditya Sahu
आदित्य साहू author

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों... और देखें

End of Article