स्पोर्ट्स

Opening Ceremony FIFA World Cup 2026: तीन अलग-अलग शहरों में होगा फीफा वर्ल्ड कप का उद्घाटन समारोह, पॉपस्टार शकीरा सहित जलवा बिखेरेंगे ये स्टार

फीफा वर्ल्ड कप की ओपनिंग सेरेमनी 3 अलग-अलग शहरों में आयोजित की जाएगी। पहले ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन मेक्सिको सिटी के एस्टाडियो एज्टेका (Estadio Azteca) में होगा जहां मेजबान मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा।

Image

फीफा वर्ल्ड कप ओपनिंग सेरेमनी (साभार-x)

अगर आप फुटबॉल के प्रशंसक हैं तो 11 जून का आप बेसब्री से इंतजार कर रहे होंगे। यह वो तारीख है जब फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होगा। पिछले वर्ल्ड कप की तुलना में इस बार 16 टीम अधिक यानी इस बार का वर्ल्ड कप 48 टीमों के बीच खेला जाएगा। एक से बढ़कर एक दिग्गज खिलाड़ी इस दौरान आपको एक्शन में दिखेंगे। इन दिग्गजों में मेसी और रोनाल्डो जैसे खिलाड़ी होंगे जो संभवत: अपना आखिरी वर्ल्ड कप खेलने उतरेंगे। जब मौका इतना भव्य हो तो इसका आगाज भी उसी शाही अंदाज में किया जाना चाहिए। यही कारण है कि इस बार की ओपनिंग सेरेमनी को और भी भव्य रखा गया है।

तीन अलग-अलग ओपनिंग सेरेमनी

इस बार का फीफा वर्ल्ड कप 3 देशों अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। यही कारण है कि 3 अलग-अलग ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा। पहले ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन मेक्सिको सिटी के एस्टाडियो एज्टेका (Estadio Azteca) में होगा जहां मेजबान मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा।

मुकाबले से पहले ओपनिंग सेरेमनी होगी, जिसमें संगीत जगत की कुछ बड़ी हस्तियां एक साथ परफॉर्म करेंगी। सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र होंगी चार बार की ग्रैमी पुरस्कार विजेता शकीरा जो नाइजीरियाई कलाकार बर्ना बॉय के साथ फीफा वर्ल्ड कप के आधिकारिक गीत 'दाई दाई' पर प्रस्तुति देंगी। शकीरा और बर्ना बॉय के बाद दक्षिण अफ्रीकी गीतकार टाइला और कोलंबियाई गायक जे बाल्विन परफॉर्म करेंगे। इसके अलावा इस ओपनिंग सेरेमनी में मैक्सिकन गायक एलेजांद्रो फर्नांडीज, लीला डाउन्स और बेलिंडा के साथ-साथ वेनेजुएला के गायक डैनी ओशन भी लोगों को झूमने पर मजबूर करेंगे।

कार्यक्रम का समापन मैक्सिकन पॉप बैंड माना और म्यूजिकल ग्रुप लॉस एंजिल्स एज्यूल्स करेंगे। यह ओपनिंग सेरेमनी स्थानीय समयनुसार 11.30 बजे शुरू हो जाएगी। 12 जून को यह ओपनिंग सेरेमनी टोरंटो के बीएमओ फील्ड में आयोजित होगी, जहां कनाडा बोस्निया और हर्जेगोविना की मेजबानी करेगा। तीन चरणों में आयोजित होने वाला इस ओपनिंग सेरेमनी का समापन लॉस एंजिल्स के सोफी स्टेडियम में होगा। इस कार्यक्रम में कई जाने-माने कलाकार प्रस्तुति देंगे, जिनमें पॉप स्टार केटी पेरी प्रमुख होंगी।

रंगारंग कार्यक्रम के साथ होगा फाइनल

19 जुलाई को न्यूयॉर्क शहर में विश्व कप फाइनल के दौरान सुपर बाउल शैली का हाफ-टाइम शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें के-पॉप सुपरग्रुप बीटीएस, मैडोना- जिन्हें "पॉप की रानी" के नाम से जाना जाता है, परफॉर्म करेंगे। उनका साथ देंगी, कोलंबियाई स्टार शकीरा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article