Times Now Navbharat
live-tv
Premium

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के आधिकारिक गाने 'दाई-दाई' का क्या है मतलब

FIFA World Cup 2026: अगर व्यूज और पॉपुलैरिटी के हिसाब से देखें तो साल 2010 फीफा वर्ल्ड कप का आधिकारिक गाना 'Waka Waka' अब तक का सबसे हिट गाना रहा है। शकीरा का ये गाना सिर्फ गाना नहीं बल्कि एक इमोशन बन गया था। 'Waka Waka' ने फुटबॉल को अफ्रीका से जोड़ दिया था। अब देखना यह होगा कि 'दाई दाई' क्या 'Waka Waka' का रिकॉर्ड तोड़ पाएगा।

Image
फीफा वर्ल्ड कप 2026 आधिकारिक सॉन्ग 'दाई-दाई' (फोटो- shakira)
Authored by: Aditya Sahu
Updated Jun 8, 2026, 21:07 IST
Follow on Google News

FIFA World Cup 2026: फुटबॉल का महाकुंभ 11 जून से शुरू होने जा रहा है। इस बार का वर्ल्ड कप कई मामलों में बेहद खास है। यह वर्ल्ड कप अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में होगा। फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहली बार होगा, जब तीन देश दुनिया के सबसे लोकप्रिय खेल की मेजबानी करने जा रहे हैं। अमेरिका साल 1994 के बाद दूसरी बार, मैक्सिको तीसरी बार और कनाडा पहली बार फुटबॉल का वर्ल्ड कप होस्ट करने जा रहे हैं। यह पहली बार होगा जब 48 टीमें वर्ल्ड कप खेलेंगी। साल 2022 तक 32 टीमें ही वर्ल्ड कप खेलती थीं। इससे यह जाहिर है कि इस बार 16 नई टीमों को मौका मिलने वाला है। वहीं उज्बेकिस्तान, जॉर्डन और न्यू कैलेडोनिया जैसी टीमें पहली बार फीफा वर्ल्ड कप खेलती नजर आएंगे। इस बार के टूर्नामेंट में कुल 104 मैच होंगे और फाइनल 19 जुलाई को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा।

आधिकारिक गाना 'दाई दाई' हो चुका है रिलीज

पिछले दिनों फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आधिकारिक गाना 'दाई दाई' रिलीज किया था। इस गाने को कोलंबिया की सुपरस्टार शकीरा और नाइजीरिया के सिंगर बर्ना बॉय ने मिलकर गाया है। फीफा ने बताया कि 'दाई दाई' गाना फुटबॉल, संस्कृति और एकता का जीवंत नमूना है। हालांकि, 'दाई दाई' का कोई सीधा मतलब नहीं है। यह एक उत्साह बढ़ाने वाला नारा है। जैसे भारत में 'चक दे' या 'जीतेंगे' बोला जाता है। अफ्रीकी और लैटिन म्यूजिक में ऐसे शब्द जोश भरने के लिए इस्तेमाल होते हैं। गाने में शकीरा और बर्ना बॉय बारी-बारी से लाइन गाते हैं और फिर एक-दूसरे की लाइन दोहराते हैं। गाने की खास बात ये है कि एक ही लाइन में दुनिया के कई बड़े फुटबॉल देशों के नाम लिए गए हैं। शकीरा गाती हैं, 'ब्राजील, उरुग्वे, अर्जेंटीना, कोलंबिया' और फिर खुशी से कहती हैं 'मेक्सिको, जापान, कोरिया, नीदरलैंड्स' ये गाना दुनिया को जोड़ने का संदेश देता है।

शकीरा ने रियो में शूट किया था टीजर

इस गाने का एक मिनट का टीजर शकीरा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर डाला था। इसमें वो ब्राजील के रियो डी जेनेरियो के मशहूर माराकाना स्टेडियम के बीच मैदान में डांस करती दिखीं। शकीरा पहले भी 2006 और 2010 वर्ल्ड कप के गाने गा चुकी हैं। फीफा ने जानकारी दी है कि 'दाई दाई' गाना सभी बड़े स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इस गाने से जो भी रॉयल्टी मिलेगी, वह फीफा वैश्विक नागरिक शिक्षा कोष में जाएगी। इसका मतलब यह हुआ कि गाने की रॉयल्टी बच्चों की पढ़ाई में मदद करेगी।

पिछले 4 वर्ल्ड कप के गाने कौन से थे

फीफा वर्ल्ड कप 2022 कतर: Hayya Hayya

2022 कतर वर्ल्ड कप का आधिकारिक गाना 'Hayya Hayya' था। इसे अमेरिकी सिंगर त्रिनिदाद कार्डोना, नाइजीरिया के डेविडो और कतर की आइशा ने गाया था। 'Hayya Hayya' का अरबी में मतलब 'बेहतर साथ में' होता है। ये पहला वर्ल्ड कप गाना था जिसमें कई कलाकार एक साथ आए थे।

फीफा वर्ल्ड कप 2018 रूस: Live It Up

2018 रूस वर्ल्ड कप का एंथम 'Live It Up' था। इसे अमेरिकी रैपर निकी जैम, विल स्मिथ और कोसोवो की सिंगर एरा इस्त्रेफी ने गाया था। गाने का मैसेज था कि हर पल को जियो। फाइनल से पहले मॉस्को में तीनों ने लाइव परफॉर्मेंस भी दी थी।

फीफा वर्ल्ड कप 2014 ब्राजील: We Are One

2014 ब्राजील वर्ल्ड कप का गाना 'We Are One' सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। इसे पिटबुल, जेनिफर लोपेज और ब्राजील की क्लाउडिया लेइट ने गाया था। गाने में सांबा और ब्राजीलियन बीट्स थीं। ओपनिंग सेरेमनी में जेनिफर लोपेज की परफॉर्मेंस यादगार रही।

फीफा वर्ल्ड कप 2010 साउथ अफ्रीका: Waka Waka

2010 साउथ अफ्रीका वर्ल्ड कप का गाना 'Waka Waka' था। इसे शकीरा ने गाया था और ये आज तक का सबसे पॉपुलर फीफा गाना है। 'Waka Waka' का मतलब होता है 'Do It' यानी 'करो'। यूट्यूब पर इस गाने को 4.5 बिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। अफ्रीकी बीट्स और शकीरा का डांस इतना फेमस हुआ कि आज भी शादियों में बजता है।

अब तक का सबसे पॉपुलर फीफा वर्ल्ड कप गाना कौन सा

अगर व्यूज और पॉपुलैरिटी देखें तो साल 2010 फीफा वर्ल्ड कप का आधिकारिक गाना 'Waka Waka' अब तक का सबसे हिट गाना रहा है। शकीरा का ये गाना सिर्फ गाना नहीं बल्कि एक इमोशन बन गया था। इसके बाद 1998 का 'La Copa de la Vida' यानी 'The Cup of Life' जिसे रिकी मार्टिन ने गाया था, वो दूसरे नंबर पर है। साल 2014 का 'We Are One' भी खूब चला था। वहीं 2022 का 'Hayya Hayya' और 2018 का 'Live It Up' भी काफी हिट रहे थे। हालांकि, 'Waka Waka' की बात ही अलग थी। उसने फुटबॉल को अफ्रीका से जोड़ दिया था। अब देखना यह होगा कि 'दाई दाई' क्या 'Waka Waka' का रिकॉर्ड तोड़ पाएगा।

End of Article