स्पोर्ट्स

Video: एर्लिंग हालैंड बने सबकी आंखों का तारा, ब्राजील से जीत के बाद जश्न में डूबा पूरा नॉर्वे

FIFA World Cup 2026: ओस्लो में टाउन हॉल के बाहर चौक पर करीब 50000 प्रशंसक जमा थे। सबने गले में नॉर्वे फुटबॉल का स्कार्फ पहन रखा था। नॉर्वे के युवराज हाकॉन रॉयल पैलेस के बाहर प्रशंसकों से मिले और मैच के बाद ‘वाइकिंग रो’ में भी शामिल हुए। ‘वाइकिंग रो’ अब दुनिया भर में मशहूर हो चुका है।

Image

जीत का जश्न मना रहा नॉर्वे (फोटो साभार- fifa)

FIFA World Cup 2026: पांच बार के विश्व चैंपियन ब्राजील को 2-1 से हराकर नॉर्वे ने फुटबॉल जगत को चौंका दिया। इस ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे एर्लिंग हालैंड जिन्होंने दोनों गोल दागे। मैच के बाद उनका मन नॉर्वे की गलियों में था जहां हजारों प्रशंसक ‘वाइकिंग रो’ अंदाज में जश्न मना रहे थे। हालैंड ने कहा, "नॉर्वे की सड़कों को देखो। मैंने पहले ऐसा नजारा कभी नहीं देखा। काश मैं ओस्लो में होता और लोगों के साथ जश्न मना रहा होता।" नॉर्वे के लिए यह अच्छा है कि हालैंड अमेरिका में हैं और फीफा विश्व कप में लगातार गोल करके 55 लाख की आबादी वाले देश को खुशियां दे रहे हैं। इस विश्व कप में हालैंड के अब सात गोल हो गए हैं और वह लियोनेल मेस्सी और किलियान एमबाप्पे के बराबर पहुंच गए हैं।

ब्राजील से जीत का जश्न मना रहा नॉर्वे

ओस्लो में टाउन हॉल के बाहर चौक पर करीब 50000 प्रशंसक जमा थे। सबने गले में नॉर्वे फुटबॉल का स्कार्फ पहन रखा था। नॉर्वे के युवराज हाकॉन रॉयल पैलेस के बाहर प्रशंसकों से मिले और मैच के बाद ‘वाइकिंग रो’ में भी शामिल हुए। ‘वाइकिंग रो’ अब दुनिया भर में मशहूर हो चुका है। इसमें सभी प्रशंसक जमीन पर एक लाइन में बैठ जाते हैं, जैसे वे किसी पुरानी ‘वाइकिंग लॉन्गबोट’ में बैठे हों। फिर एक लीडर ड्रम बजाना शुरू करता है। ड्रम की बीट के साथ हजारों फैंस एक साथ हाथों से नाव चलाने का एक्शन करते हैं और पूरी ताकत से ‘रो’ चिल्लाते हैं। देखें वीडियो-

नॉर्वे टीम के घरेलू मैदान उलेवाल स्टेडियम में आतिशबाजी की गई जहां हजारों दर्शक मैच देखने पहुंचे थे। कोच स्टेल सोलबाकेन ने कहा, "पूरा देश साथ में नाव चला रहा है। ओस्लो समेत सभी शहरों में जश्न मनाया जा रहा है। ‘रोइंग’ दिखाता है कि हम सब एक हैं।" ब्राजील जैसे दिग्गज को हराने के बाद स्टार स्ट्राइकर हालैंड स्टेडियम के बीचोंबीच ड्रम पीटते नजर आए। लाल जर्सी में बैठे नॉर्वे के प्रशंसकों ने अनूठे ‘वाइकिंग रो’ अंदाज में जश्न मनाया तो दुनिया भर के फुटबॉलप्रेमियों के रोंगटे खड़े हो गए। क्वार्टर फाइनल में पहुंची नॉर्वे टीम का यह जश्न अब वैश्विक पहचान बन गया है। नॉर्वे का असाधारण प्रदर्शन, हालैंड के लगातार गोल और फैंस की एकजुटता का प्रतीक बन गया है ‘वाइकिंग रो’। सोशल मीडिया इसकी रील्स और फोटो से भरा हुआ है। बोस्टन से न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर तक और नॉर्वे की संसद से दिल्ली में इंडिया गेट तक ‘वाइकिंग रो’ की झलक देखने को मिल रही है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article