FIFA World Cup Golden Boot: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में गोल्डन बूट की रेस अब और दिलचस्प हो गई है। फ्रांस के स्टार काइलियन एमबाप्पे ने शनिवार को पराग्वे के खिलाफ राउंड ऑफ 16 मुकाबले में पेनल्टी पर गोल दागकर टूर्नामेंट में अपने गोलों की संख्या सात तक पहुंचा दी। यह उनके वर्ल्ड कप करियर का 19वां गोल था। एमबाप्पे के इस गोल के साथ ही उन्होंने अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी की बराबरी कर ली है। मेसी ने भी मौजूदा वर्ल्ड कप में सात गोल दागे हैं। ऐसे में दोनों दिग्गज अब गोल्डन बूट की दौड़ में संयुक्त रूप से सबसे आगे हैं। गोल्डन बूट टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है।
गोल्डन बूट की रेस में कौन-कौन खिलाड़ी
गोल्डन बूट की इस रेस में नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड और इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन पांच-पांच गोल के साथ दूसरे नंबर पर हैं। लेकिन सभी की नजरें मेसी और एमबाप्पे पर टिकी हैं, क्योंकि दोनों ही नॉकआउट में अपनी टीमों के लिए सबसे बड़े मैच विनर साबित हो रहे हैं। अपना छठा वर्ल्ड कप खेल रहे 39 साल के मेसी ने फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर अब तक कुल 20 गोल कर दिए हैं। वह वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। एमबाप्पे उनसे सिर्फ एक गोल पीछे हैं। 27 साल के एमबाप्पे के नाम 19 वर्ल्ड कप गोल दर्ज हैं और जिस रफ्तार से वह खेल रहे हैं, मेसी का रिकॉर्ड टूटना तय माना जा रहा है।
नॉकआउट राउंड में एमबाप्पे ने सबसे ज्यादा गोल
एमबाप्पे ने शनिवार को एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। पराग्वे के खिलाफ किया गया गोल नॉकआउट राउंड में उनका 11वां गोल था। वह वर्ल्ड कप के नॉकआउट में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इतना ही नहीं, एमबाप्पे पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने तीन अलग-अलग वर्ल्ड कप के नॉकआउट राउंड में कम से कम तीन-तीन गोल किए हैं। फ्रांस ने पराग्वे को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है, जहां उसका सामना मोरक्को से होगा। वहीं अर्जेंटीना ने भी केप वर्डे को 3-2 से हराकर अंतिम-8 में प्रवेश किया है। दोनों टीमें अगर जीतती रहीं तो फाइनल में मेसी और एमबाप्पे आमने-सामने हो सकते हैं। अब देखना होगा कि गोल्डन बूट की यह जंग कौन जीतता है। अनुभव और जादू के दम पर मेसी या रफ्तार और फिनिशिंग के दम पर एमबाप्पे। वर्ल्ड कप जैसे-जैसे अपने अंतिम पड़ाव की तरफ बढ़ रहा है, यह रेस और रोमांचक होती जा रही है।
