स्पोर्ट्स

FIFA World Cup 2026: स्टेडियम में अपनी पानी की बोतल नहीं ले जा सकेंगे दर्शक, नए नियम से मचा हड़कंप

FIFA World Cup 2026: फीफा के पुराने स्टेडियम नियमों में लिखा था कि फैंस एक छोटी, पारदर्शी पानी की बोतल स्टेडियम में ला सकते हैं। स्टेडियम के अंदर मुफ्त पानी के नल लगे होंगे जहां फैंस अपनी बोतल भर सकते थे। हालांकि, फीफा ने टूर्नामेंट से कुछ हफ्ते पहले ही यह नियम बदल दिया।

Image

फीफा वर्ल्ड कप में पानी की बोतल बैन (फोटो-AI)

FIFA World Cup 2026 शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन फीफा ने टूर्नामेंट से ठीक पहले एक बड़ा नियम बदल दिया है। इस फैसले से इंग्लैंड समेत कई देशों के फुटबॉल फैंस नाराज हैं। दरअसल, फीफा ने अब साफ कर दिया है कि 2026 वर्ल्ड कप के दौरान अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको के किसी भी स्टेडियम में दर्शक अपनी पानी की बोतल नहीं ले जा सकेंगे। इसमें वो खाली प्लास्टिक की बोतलें भी शामिल हैं जिन्हें स्टेडियम के अंदर दोबारा भरा जा सके।

पहले क्या था नियम?

फीफा के पुराने स्टेडियम नियमों में लिखा था कि फैंस एक छोटी, पारदर्शी पानी की बोतल स्टेडियम में ला सकते हैं। स्टेडियम के अंदर मुफ्त पानी के नल लगे होंगे जहां फैंस अपनी बोतल भर सकते थे। यह नियम इसलिए बनाया गया था क्योंकि जून-जुलाई में उत्तर अमेरिका में काफी गर्मी पड़ती है। तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। ऐसे में फैंस को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए फीफा ने यह भरोसा दिया था।

अचानक क्यों बदला फैसला?

फीफा ने टूर्नामेंट से कुछ हफ्ते पहले ही यह नियम बदल दिया। अब नई गाइडलाइन के मुताबिक स्टेडियम में किसी भी तरह की पानी की बोतल ले जाना मना है, चाहे वो खाली ही क्यों न हो। इस फैसले पर फीफा की तरफ से कोई सीधा बयान नहीं आया है। लेकिन व्हाइट हाउस के 'वर्ल्ड कप टास्क फोर्स' के कार्यकारी निदेशक एंड्रयू जियुलियानी ने इसकी एक वजह बताई। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कारणों से यह फैसला लिया गया है। उनके मुताबिक, "दर्शक पानी की बोतल को किसी पर फेंक सकते हैं और हथियार की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं।" हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि फीफा ने कल ही यह फैसला लिया है, इसलिए वे ज्यादा टिप्पणी नहीं कर सकते।

फैंस क्यों हैं नाराज?

इंग्लैंड के 'फ्री लायंस' नाम के फैन ग्रुप ने इस फैसले की कड़ी निंदा की है। उनका कहना है कि फीफा ने पहले वादा किया था कि भीषण गर्मी को देखते हुए स्टेडियम में मुफ्त पानी मिलेगा और लोग अपनी खाली बोतल ला सकेंगे। फ्री लायंस ने अपने बयान में कहा, "हमें तो यही लग रहा है कि पैसा कमाने के लिए यह किया जा रहा है।" फैंस का गुस्सा इसलिए भी है क्योंकि स्टेडियम के अंदर पानी, कोल्ड ड्रिंक और जूस सिर्फ फीफा के ऑफिशियल स्पॉन्सर कोका-कोला द्वारा बेचे जाएंगे। स्टेडियम में इनकी कीमत आम बाजार से 4 से 5 गुना ज्यादा होती है। नए नियम के बाद फैंस को स्टेडियम के अंदर ही पानी खरीदना पड़ेगा। फीफा का कहना है कि स्टेडियम में पीने के पानी की व्यवस्था रहेगी, लेकिन वो मुफ्त होगा या नहीं, इस पर स्थिति साफ नहीं है। अगर मुफ्त पानी के नल नहीं लगे, तो 45 डिग्री की गर्मी में एक परिवार को सिर्फ पानी पर ही हजारों रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article