स्पोर्ट्स

ऑस्ट्रेलिया को हराकर मिस्र ने पहली बार जीता नॉकआउट मैच, राउंड ऑफ 16 में अर्जेंटीना से होगी भिड़ंत

FIFA World Cup 2026: यह मिस्र का चौथा वर्ल्ड कप है, लेकिन नॉकआउट में यह उसकी पहली जीत है। होसाम अब्दुलमागुद के निर्णायक पेनल्टी गोल की बदौलत मिस्र ने ऑस्ट्रेलिया को शूटआउट में 4-2 से हरा दिया।

Image

मिस्र ने पहली बार जीता नॉकआउट मुकाबला (फोटो साभार- FIFA)

FIFA World Cup 2026: मिस्र ने वर्ल्ड कप इतिहास में पहली बार नॉकआउट मुकाबला जीतकर इतिहास रच दिया है। होसाम अब्दुलमागुद के निर्णायक पेनल्टी गोल की बदौलत मिस्र ने ऑस्ट्रेलिया को शूटआउट में 4-2 से हरा दिया। निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 से बराबर था। यह मिस्र का चौथा वर्ल्ड कप था, लेकिन नॉकआउट में यह उसकी पहली जीत है। मैच की शुरुआत मिस्र के लिए शानदार रही। 13वें मिनट में इमाम अशूर ने हेडर पर गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। लेकिन 55वें मिनट में ऑस्ट्रेलिया ने बराबरी कर ली, जब मिस्र के डिफेंडर मोहम्मद हानी से आत्मघाती गोल हो गया।

ऑस्ट्रेलिया के लिए भारी पड़ा आत्मघाती गोल

इसके साथ ही हानी एक ही वर्ल्ड कप में दो आत्मघाती गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। इससे पहले ग्रुप स्टेज में बेल्जियम के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ रहे मैच में भी उन्होंने गलती से अपनी ही टीम के खिलाफ गोल कर दिया था। हानी के लिए यह मैच दर्दनाक रहा। आत्मघाती गोल से 10 मिनट पहले ऑस्ट्रेलिया के मिडफील्डर कोनोर मेटकाफे से टकराने के बाद उन्हें सिर में चोट लगी। कनकशन की आशंका के चलते उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया। एक्स्ट्रा टाइम में भी कोई टीम गोल नहीं कर सकी और मैच शूटआउट में गया। यहां ऑस्ट्रेलिया के हैरी साउटार का शॉट चूक गया और 18 साल के लुकास हेरिंगटन की किक क्रॉसबार से टकरा गई।

शूटआउट में मिस्र ने किया जबरदस्त प्रदर्शन

मिस्र के लिए होसाम अब्दुलमागुद, महमूद साबिर, रामी राबिया और मांसपेशी की चोट के बावजूद मैदान पर उतरे मोहम्मद सालाह ने गोल किए। ऑस्ट्रेलिया के लिए जैकसन इरविन और अवेर माबिल ही गोल कर सके। ऑस्ट्रेलिया का नॉकआउट में रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। टीम तीन बार नॉकआउट में पहुंची, लेकिन एक भी मैच नहीं जीत सकी। 2006 में इटली से 0-1 और 2022 में अर्जेंटीना से 1-2 से हार के बाद अब मिस्र ने भी उसे बाहर कर दिया। दिलचस्प बात यह है कि वर्ल्ड कप नॉकआउट में ऑस्ट्रेलिया के खाते में अब तक सिर्फ दो गोल हैं और दोनों आत्मघाती गोल हैं। इस जीत के साथ मिस्र अंतिम-16 में पहुंच गया है, जहां मंगलवार को उसका सामना डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना से होगा। अर्जेंटीना ने केप वर्डे को एक्स्ट्रा टाइम में 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल की दौड़ में जगह बनाई है। मेसी बनाम सालाह की टक्कर फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं होगी।
Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article