FIFA World Cup 2026: वर्ल्ड कप में शुक्रवार को एक और क्लासिक मुकाबला देखने को मिला, जब डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने केप वर्डे को एक्स्ट्रा टाइम में 3-2 से हराकर आखिरी-16 में जगह बना ली। क्रिस्टियन रोमेरो के हेडर पर दिनी के आत्मघाती गोल ने अर्जेंटीना को बड़ी मुश्किल से जीत दिलाई। लियोनेल मेसी ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए लगातार 8वें वर्ल्ड कप मैच में गोल किया। 29वें मिनट में मेसी के बेहतरीन टच और फिनिश से अर्जेंटीना 1-0 से आगे हो गया। लेकिन अफ्रीकी टीम केप वर्डे ने हार नहीं मानी।
हारते-हारते बची वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना
59वें मिनट में डेरॉय डुआर्टे ने दमदार शॉट लगाकर स्कोर 1-1 कर दिया और मैच एक्स्ट्रा टाइम में चला गया। एक्स्ट्रा टाइम शुरू होते ही 93वें मिनट में लिसांद्रो मार्टिनेज ने नियर पोस्ट पर शानदार कर्लिंग फिनिश कर अर्जेंटीना को 2-1 से आगे कर दिया। लगा कि वर्ल्ड चैंपियन अब जीत जाएगा। लेकिन 103वें मिनट में सिडनी लोपेस कैब्राल ने बॉक्स के बाहर से जबरदस्त गोल दागकर केप वर्डे को 2-2 की बराबरी दिला दी। स्टेडियम में केप वर्डे के फैंस का जश्न देखने लायक था।
आत्मघाती गोल साबित हुआ निर्णायक
जब लगा कि मैच पेनल्टी में जाएगा, तभी 111वें मिनट में मेसी के कॉर्नर पर रोमेरो सबसे ऊंचे कूदे। उनका हेडर दिनी के हाथ से लगकर गोल में चला गया। यही आत्मघाती गोल निर्णायक साबित हुआ और अर्जेंटीना ने 3-2 से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ अर्जेंटीना राउंड ऑफ 16 में पहुंच गया, जहां उसका सामना मिस्र से होगा। हार के बावजूद केप वर्डे असली हीरो रही। वर्ल्ड रैंकिंग में काफी नीचे होने के बावजूद उसने वर्ल्ड चैंपियन को नाकों चने चबवा दिए। इस मैच में मेसी ने फिर दिखाया कि उन्हें बड़े मैच का खिलाड़ी क्यों कहा जाता है, लेकिन केप वर्डे की जुझारू टीम ने पूरी दुनिया का दिल जीत लिया।
गोल टाइमलाइन:
29' गोल! मेसी का शानदार फिनिश, अर्जेंटीना 1-0 से आगे
59' गोल! डुआर्टे ने दागा बराबरी का गोल, स्कोर 1-1
93' गोल! लिसांद्रो मार्टिनेज का दमदार गोल, अर्जेंटीना 2-1 से आगे
103' गोल! लोपेस कैब्राल का वंडर गोल, केप वर्डे ने 2-2 से बराबरी की
111' गोल! रोमेरो के हेडर पर आत्मघाती गोल, अर्जेंटीना 3-2 से जीता
