FIFA World Cup: फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट फीफा विश्व कप का इंतजार हर फुटबॉल फैन को रहता है। हर चार साल में होने वाले इस गजब के महासंग्राम को देखने के लिए पूरी दुनिया उमड़ती है, फिर चाहे वो मैदानों पर हो या फिर घर बैठकर इसे टीवी या मोबाइल पर देखकर। टूर्नामेंट को आयोजित करने वाली वैश्विक फुटबॉल संस्था फीफा को इससे जबरदस्त कमाई होती है। अभी फीफा विश्व कप 2022 समाप्त भी नहीं हुआ और फीफा ने अगले विश्व कप में कितनी कमाई होगी इसकी उम्मीद जाहिर कर दी है।
फीफा को 2026 में उत्तरी अमेरिका में आयोजित होने वाले फुटबॉल वर्ल्ड कप से 11 अरब डॉलर राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है। इस विश्वकप में 48 टीमें भाग लेंगी। फीफा परिषद के सामने शुक्रवार को चार साल का बजट पेश किया गया जिसने लगभग 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की उम्मीद की गयी है। यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से पुरुष विश्वकप के प्रसारण अधिकारों और प्रायोजन करार के कारण होगी।
पिछले महीने कतर में 2019 से 2022 तक के व्यावसायिक चक्र के लिए सात अरब 50 करोड़ डॉलर का राजस्व घोषित किया गया जो पूर्वानुमानित बजट से एक अरब डॉलर अधिक है।
वैसे अगर आप फीफा विश्व कप 2022 में विजयी व अन्य टीमों को मिलने वाली पुरस्कार राशि जानकर भी आप दंग रह जाएंगे। टूर्नामेंट की 32 टीमों के बीच 440 मिलियन डॉलर वितरित किए जाएंगे। विजेता टीम को 42 मिलियन डॉलर यानी तकरीबन 347 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। जबकि उपविजेता टीम को 30 मिलियन डॉलर दिए जाएंगे।
इसके अलावा टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली बाकी सभी टीमों को भी 9 मिलियन डॉलर की ईनामी राशि मिलेगी। फीफा दुनिया में सर्वाधिक कमाई करने वाली संस्थाओं में से एक है और अगले विश्व कप में वो अपने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ने के लिए तैयार है।
