FIFA World Cup 2026: न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में 20 जुलाई को स्पेन और अर्जेंटीना के बीच फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला होने जा रहा है। इस फाइनल का पूरी दुनिया के फुटबॉल प्रेमी तहे दिल से इंतजार कर रहे हैं। इस बार फाइनल में इतिहास रचने जा रहा है। दरअसल, इस फाइनल में जीतने वाली टीम को ट्रॉफी और गोल्ड मेडल के अलावा पहली बार एक और खास तोहफा मिलेगा। यह खास तोहफा है चैंपियनशिप रिंग। फीफा के इतिहास में पहली बार किसी टूर्नामेंट में विजेता टीम को रिंग दी जाएगी।
फीफा वर्ल्ड कप विजेता खिलाड़ियों को मिलेगी स्पेशल रिंग (फोटो साभार- Fifa.Com)
विजेता खिलाड़ियों को मिलेगी खास रिंग
यह परंपरा अमेरिका के बड़े खेलों जैसे एनबीए और एनएफएल से ली गई है, जहां चैंपियन रिंग को करियर की सबसे बड़ी निशानी माना जाता है। अब फीफा ने भी इसे ग्लोबल फुटबॉल में उतार दिया है। फीफा ने कुल 2,026 लिमिटेड एडिशन रिंग तैयार करवाई हैं। इनमें से 30 रिंग विजेता टीम के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को मिलेंगी। बाकी 1,996 रिंग दुनियाभर के फैन्स के लिए ऑफिशियल लाइसेंस्ड प्रोडक्ट के तौर पर उपलब्ध होंगी। हर रिंग पर अलग नंबर होगा और उसे पहनने वाले के हिसाब से कस्टम-फिट किया जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- माराडोना या मेसी में कौन है अर्जेंटीना का बेहतर खिलाड़ी, बाइचुंग भूटिया ने बताया नाम
रिंग में क्या है खास?
रिंग के एक तरफ फीफा वर्ल्ड कप ट्रॉफी उकेरी गई है। दूसरी तरफ विजेता टीम का नाम और पहचान होगी। हर रिंग के साथ सर्टिफिकेट ऑफ ऑथेंटिसिटी भी दिया जाएगा। फाइनल के तुरंत बाद कप्तान और हेड कोच को टेम्परेरी रिंग दी जाएगी। असली रिंग बाद में कस्टमाइज करके एक खास समारोह में सौंपी जाएंगी। फीफा का मकसद है कि वर्ल्ड कप की जीत सिर्फ एक पल की न रहे, बल्कि खिलाड़ियों के पास जिंदगीभर की यादगार निशानी हो।
दर्शक भी खरीद सकते हैं यह खास रिंग
वहीं फैन्स के लिए भी यह मौका है कि वे 1,996 रिंग में से एक खरीदकर 2026 वर्ल्ड कप का हिस्सा बन जाएं। रविवार को मेटलाइफ स्टेडियम में जब स्पेन और अर्जेंटीना ट्रॉफी के लिए भिड़ेंगे, तो दांव पर ये खास रिंग भी होंगी। मेस्सी के पास आखिरी वर्ल्ड कप जीतने का मौका है, तो स्पेन 2010 का इतिहास दोहराना चाहेगा। जीत किसी की भी हो, यह रिंग हमेशा के लिए अमर हो जाएगी।
