Ben Stokes: इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने अचानक टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेकर सबको चौंका दिया। उनके इस फैसले के साथ ही 15 साल लंबा अंतरराष्ट्रीय करियर खत्म हो गया। टी20 और वनडे से पहले ही संन्यास ले चुके स्टोक्स अब किसी भी फॉर्मेट में नहीं खेलेंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के चौथे दिन उन्होंने संन्यास का ऐलान किया। इंग्लैंड क्रिकेट ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें स्टोक्स रिटायरमेंट की घोषणा कर रहे हैं। वीडियो में स्टोक्स ने कहा कि कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर उनके आखिरी दो दिन हैं। इससे साफ है कि वीडियो मैच शुरू होने से पहले का था। इंग्लैंड क्रिकेट ने लिखा, 'बेन, आप इस टीम के लिए सबसे प्रेरणादायक कप्तान, लीडर और दिग्गज रहे हैं। आपने उम्मीद से बढ़कर टीम को दिया। हम आपसे बहुत प्यार करते हैं और आपके संन्यास के लिए शुभकामनाएं। इंग्लैंड अब पहले जैसा कभी नहीं रहेगा।'
संन्यास के 5 दिन बाद स्टोक्स ने लिखा पोस्ट
अपने संन्यास के 5 दिन बाद बेन स्टोक्स ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर एक ट्वीट किया। इस ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'ये 15 साल पागलपन भरे रहे। इसमें सब कुछ था, सबसे बड़ी ऊंचाइयों से लेकर सबसे बुरे दौर तक, मैदान पर भी और मैदान के बाहर भी। मेरा समय पूरा हो गया था और ये फैसला मेरे अलावा कोई और नहीं ले सकता था। लेकिन अभी मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि मैं इंग्लैंड के हर एक फैन से और क्रिकेट के हर एक फैन से प्यार करता हूं, जिन्होंने सालों तक मेरा साथ दिया। मैं उन सभी लोगों से प्यार करता हूं जिनके साथ मैंने इंग्लैंड के लिए मैदान पर कदम रखा। मैं और भी बहुत कुछ कह सकता हूं, लेकिन उम्मीद है आपको समझ आ गया होगा कि मैंने 15 साल तक जो किया उससे कितना प्यार किया। अब मैं फैन बनकर टीम को सपोर्ट करने का इंतजार कर रहा हूं, और हॉस्पिटैलिटी में कभी-कभार जाना भी बुरा नहीं लगेगा। परिवार, दोस्त, टीम के साथी, फैंस... मैं आप सभी से प्यार करता हूं।'
गौरतलब है कि इंग्लैंड ट्रेंटब्रिज में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा और अंतिम टेस्ट 160 रन से हार गया था। स्टोक्स ने इस मैच के चौथे दिन ही संन्यास की घोषणा कर सभी को चौंका दिया था। इसके बाद टीम के कोच ब्रेंडन मैकुलम ने बताया था, ’’जब उन्होंने मुझे बताया कि वह संन्यास लेने जा रहे हैं तो मैंने उन्हें मनाने की कोशिश की थी। लेकिन तब तक वह अपना मन बना चुके थे और अपने फैसले पर अडिग थे।’’
