यूजीन: भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा का लगातार दूसरी बार डायमंड लीग ट्रॉफी अपने नाम करने का सपना टूट गया। शनिवार को अमेरिकी के यूजीन में आयोजित डायमंड लीग फाइनल में नीरज 83.80 मीटर दूर भाला फेंक सके। चेक गणराज्य के जैकब वाडलेच ने 84.24 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ पहली स्थान हासिल किया और नीरज को जैवलिन थ्रो स्पर्धा में लगातार दो बार डायमंड लीग ट्रॉफी जीतने वाला तीसरा खिलाड़ी बनने से रोक दिया। चेक गणराज्य के विटेजस्लाव वेस्ली (2012 और 2013) और आज खिताबी जीतने वाले जैकब वाडलेच (2016 और 2017) ही यह कारनामा कर पाए हैं।
नीरज चोपड़ा डायमंड लीग फाइनल रिजल्ट
नीरज चोपड़ा डायमंड लीग फाइनल रिजल्ट
रंग में नहीं नजर आए नीरज चोपड़ा
नीरज चोपड़ा फाइनल में अपने रंग में नजर नहीं आए। नीरज ने फाउल के साथ शुरुआत की लेकिन दूसरे प्रयास में 83.80 मीटर तक भाला फेंकने में सफल रहे। तीसरे प्रयास में नीरज 81.37 मीटर दूरी तय कर सके और चौथे में फिर से फाउल कर दिया। ऐसे में जीत के दबाव में अंतिम दो प्रयास में 80.74 मीटर और 80.90 मीटर की दूरी तक भाला फेंक सके। 83.80 मीटर नीरज का सर्वश्रेष्ठ थ्रो रहा।
पहले प्रयास में ही जैकब ने पक्की कर दी थी जीत
वहीं दूसरी तरफ खिताब जीतने वाले वजैकब वाडलेच ने 84.01 मीटर के साथ शुरुआत की। उनके अगले तीन प्रयास फाउल रहे। चौथे प्रयास में जैकब ने 82.58 मीटर की दूरी तय की लेकिन नीरज के खराब फॉर्म के बीच पहले नंबर पर बने रहे। लेकिन जैकब ने अपने छठे और आखिरी प्रयास में 84.24 मीटर दूरी तक भाला फेंककर हार जीत के बीच फासला बढ़ाने में सफल रहे।
