स्पोर्ट्स

एयरहोस्टेस ने मुझे जैसे देखा, मैं समझ गया... रोनाल्डो ने सुनाया दिलचस्प किस्सा, आखिरी वर्ल्ड कप का ऐलान भी किया

Cristiano Ronaldo Press Conference: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पुर्तगाल और स्पेन की फुटबॉल टीमों के बीच होने वाले राउंड ऑफ 16 के बड़े मुकाबले से पहले पुर्तगाली कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो जब पत्रकारों से रूबरू हुए तो वो अच्छे मूड में नजर आए और कई बातों का खुलकर जवाब दिया। इस दौरान कुछ दिलचस्प किस्से भी सुनाए और अपने आखिरी विश्व कप होने का ऐलान फिर से किया।

Image

क्रिस्टियानो रोनाल्डो

Photo : AP

Cristiano Ronaldo Press Conference, Portugal vs Spain FIFA World Cup: पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि यह उनके करियर का छठा और अंतिम फीफा विश्व कप होगा। वह फीफा विश्व कप के दौरान आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अपनी चिर-परिचित चुटीली शैली में पत्रकारों से रूबरू हुए लेकिन इस बातचीत के अंत में उनकी अर्जेंटीना के एक पत्रकार के साथ हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।

स्पेन के खिलाफ़ प्री-क्वार्टर फ़ाइनल मुकाबले की पूर्व संध्या पर इस 41 साल के खिलाड़ी ने एक बार फिर उस बात को दोहराया, जिसका संकेत वह पहले भी दे चुके हैं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "मेरे साथ सबसे बड़ी पूंजी लोगों का प्यार और उनसे जुड़ी यादें हैं। होटल में टीम स्टाफ और लैटिन अमेरिकी लोगों के साथ बिताए पल मेरी सबसे खूबसूरत स्मृतियों में शामिल हैं। कल उड़ान के दौरान अर्जेंटीना की एक एयर होस्टेस मिली। मैंने उसके मुझे देखने के अंदाज़ से ही पहचान लिया कि वह अर्जेंटीना की है। मैंने उससे कहा, "तुम जिस तरह मुझे देख रही हो, उससे समझ गया कि तुम अर्जेंटीना से हो। अगर कोई मुझे देखकर तुरंत नजरें फेर ले, तो मैं समझ जाता हूं कि उसे क्रिस्टियानो पसंद नहीं है।’’

मैनचेस्टर यूनाइटेड और रियाल मैड्रिड स्टार के इस पूर्व स्टार ने कहा, "मैं अपने आखिरी विश्व कप के हर पल का भरपूर आनंद लेना चाहता हूं। उम्मीद है कि कल मेरा अंतिम मैच नहीं होगा, ताकि आप लोग मेरी आलोचना कुछ और दिन तक करते रहें।" अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 146 गोल के साथ सर्वाधिक गोल करने वाले रोनाल्डो इससे पहले भी ऐसा संकेत दे चुके हैं। पिछले वर्ष एक टेलीविजन साक्षात्कार में भी उन्होंने अपने अंतिम विश्व कप को लेकर इसी तरह की बात कही थी। उस समय पुर्तगाल ने स्पेन को रोमांचक पेनल्टी शूटआउट में हराकर यूईएफए नेशंस लीग का खिताब जीता था।

इस 25 मिनट की प्रेस कॉन्फ्रेंस में 41 वर्षीय रोनाल्डो से पूछे गए अधिकांश सवाल उनके संभावित विश्व कप विदाई से जुड़े रहे। उन्होंने संन्यास से जुड़े अधिक सवालों पर मजाकिया अंदाज में पत्रकारों से कहा, "लग रहा कि आप लोग अब मुझे मैदान से विदा करने की पूरी तैयारी में हैं।" उन्होंने इसके बाद गंभीर होते हुए कहा, "मेरे जीवन में किसी चीज की कमी नहीं है। भगवान मेरे प्रति बेहद उदार रहे हैं। उन्होंने मुझे वह सब कुछ दिया, जिसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी, खासकर राष्ट्रीय टीम के साथ। व्यक्तिगत जीवन में भी मुझे सब कुछ मिला। इसलिए अब मैं हर पल का आनंद लेना चाहता हूं। विश्व कप जीतने या न जीतने से मैं न बड़ा क्रिस्टियानो बन जाऊंगा और न छोटा। निश्चित रूप से हम सभी विश्व कप जीतने का सपना देखते हैं और इसके लिए हर संभव प्रयास करना चाहते हैं। लेकिन यह भी सच है कि अंत में ट्रॉफी केवल एक ही टीम के हिस्से में आती है।"

फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर रोनाल्डो का यह विदाई अभियान 2018 विश्व कप की यादें भी ताजा कर रहा है, जब उन्होंने 33 वर्ष की उम्र में स्पेन के खिलाफ हैट्रिक लगाकर इतिहास रचा था। वह मुकाबला 3-3 से ड्रॉ रहा था और विश्व कप के सर्वश्रेष्ठ मैचों में गिना जाता है। स्पेन के मुख्य कोच लुइस डे ला फुएंते ने रोनाल्डो को लेकर सतर्कता बरतने की बात कही। उन्होंने कहा, "मैदान के हर हिस्से में यह ध्यान रखना होगा कि रोनाल्डो कहां हैं। उनके पास प्रतिभा, अनुभव और गुणवत्ता है। वह किसी भी क्षण मैच का रुख बदल सकते हैं।"

पुर्तगाल लगातार दूसरी बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेगा। रोनाल्डो युग में इससे पहले टीम केवल 2006 में सेमीफाइनल तक पहुंची थी, जो उनका पहला विश्व कप था। अंतिम 32 चरण के मैच में क्रोएशिया पर 2-1 की जीत में रोनाल्डो ने बराबरी का गोल दागा। मौजूदा टूर्नामेंट में वह अब तक तीन गोल कर चुके हैं और विश्व कप में उनके कुल गोलों की संख्या 11 हो गई है।

रोनाल्डो ने कहा, "उम्र के साथ आने वाले बदलावों के अनुरूप मैंने अपने खेल को ढाल लिया है। मैं जानता हूं कि अब पहले जैसा खिलाड़ी नहीं हूं। जो चीज नहीं बदली वह मेरी गोल करने की क्षमता है। उम्मीद है कि कल भी गोल करूंगा। अगर मैं नहीं कर पाया, तो उम्मीद है कि टीम का कोई और खिलाड़ी करेगा।"

रोनाल्डो अगर 2018 जैसी हैट्रिक नहीं दोहराते तो उनके लिए गोल्डन बूट की दौड़ में लियोनेल मेस्सी और किलियन एम्बाप्पे की बराबरी करना मुश्किल होगा। दोनों खिलाड़ियों के नाम सात-सात गोल दर्ज हैं, जबकि विश्व कप करियर गोलों की सूची में भी दोनों रोनाल्डो से आगे निकल चुके हैं। रोनाल्डो ने इस तुलना को सहजता से लिया। उन्होंने कहा, "आपकी अलग-अलग राय हो सकती है, लेकिन मैं इतना भी बुरा नहीं कर रहा हूं। मैंने भी तीन गोल किए हैं। कुछ खिलाड़ियों ने ज्यादा गोल किए हैं क्योंकि वे शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन मेरा प्रदर्शन भी खराब नहीं है। अब मुझे आगे बढ़ते रहना है।"

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article