स्पोर्ट्स

रोनाल्डो लेंगे संन्यास... बताया फुटबॉल को कब कहेंगे अलविदा

Cristiano Ronaldo Retirement: रोनाल्डो ने कहा कि यह शायद फुटबॉल का मेरा आखिरी साल है और मैं एक शानदार विरासत छोड़कर जाना चाहता हूं। फुटबॉल के बाद के लिए मेरी पूरी प्लानिंग पहले से तय है। रोनाल्डो ने बताया कि मैदान के बाहर भी उन्हें खुद को व्यस्त रखने के लिए बहुत कुछ करना है।

Image

क्रिस्टियानो रोनाल्डो (फोटो साभार- cristiano)

Cristiano Ronaldo Retirement: फुटबॉल की दुनिया के सबसे बड़े नामों में से एक क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने संन्यास को लेकर बड़ा संकेत दे दिया है। 41 साल के पुर्तगाल के कप्तान ने एक निजी मैगजीन को दिए इंटरव्यू में कहा कि ये साल शायद प्रोफेशनल फुटबॉल में उनका आखिरी साल होगा। क्लब और देश के लिए 950 से ज्यादा गोल दाग चुके रोनाल्डो ने पहले भी कहा था कि वो जल्द या 'एक-दो साल में' रिटायरमेंट लेंगे। लेकिन अब उन्होंने साफ कर दिया है कि वो अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर हैं।

छोड़ना चाहता हूं शानदार विरासत

सऊदी प्रो लीग क्लब अल-नस्र के लिए खेल रहे रोनाल्डो ने कहा, "ये शायद फुटबॉल का मेरा आखिरी साल है और मैं एक शानदार विरासत छोड़कर जाना चाहता हूं। फुटबॉल के बाद के लिए मेरी पूरी प्लानिंग पहले से तय है।" रोनाल्डो ने बताया कि मैदान के बाहर भी उन्हें खुद को व्यस्त रखने के लिए बहुत कुछ करना है। उन्होंने कहा, "फुटबॉल के जाने से एक बड़ा खालीपन आएगा, इसलिए उसे एक चीज से नहीं भर सकते। मुझे घूमना, पैडल खेलना पसंद है। करने को बहुत कुछ है।"

25 साल की मेहनत का जश्न

इस इंटरव्यू के कुछ दिन पहले ही रोनाल्डो ने अपनी पार्टनर जॉर्जिना रोड्रिगेज से पुर्तगाल के कैस्काइस में एक निजी समारोह में शादी भी की। उन्होंने कहा, "मैं उस सब का लुत्फ उठाना चाहता हूं जो हमने कमाया है। 25 साल की मेहनत और त्याग के बाद ये हक बनता है।" गर्मियों में हुए वर्ल्ड कप में रोनाल्डो पुर्तगाल टीम का हिस्सा थे। स्पेन के खिलाफ राउंड ऑफ 16 में हार के बाद वो भावुक भी हो गए थे। अब वो नए सऊदी प्रो लीग सीजन के लिए अल-नस्र से जुड़ने वाले हैं।

फुटबॉल के बाद की जिंदगी तय

रोनाल्डो ने ये भी इशारा किया कि रिटायरमेंट के बाद वो फुटबॉल से पूरी तरह दूर नहीं जाएंगे। बिजनेस, ब्रांड और परिवार के साथ समय बिताना उनकी प्राथमिकता रहेगी। "मैंने 25 साल फुटबॉल को दिए। अब वक्त है खुद के लिए और अपनों के लिए जीने का।" CR7 के इस बयान के बाद फैंस इमोशनल हो गए हैं। मैनचेस्टर यूनाइटेड, रियल मैड्रिड और जुवेंटस के लिए खेल चुके रोनाल्डो ने हर जगह अपनी छाप छोड़ी है। रोनाल्डो 5 बार के बैलन डी'ओर विजेता हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article