क्रिकेट

PAK vs ZIM, T20 WC: बड़ा उलटफेर, जिंबाब्वे ने रोमांचक मैच में पाकिस्तान को रौंदा

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 27, 2022, 08:20 PM IST

Pakistan vs Zimbabwe (PAK vs ZIM) Match Highlights: पाकिस्तान और जिंबाब्वे के बीच गुरुवार को पर्थ के मैदान पर टी20 विश्व कप 2022 का मुकाबला खेला गया। इस मैच में जिंबाब्वे ने पाकिस्तान शिकस्त देते हुए टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की और बड़ा उलटफेर कर डाला। पाकिस्तान की ये दूसरी हार है।

Image

जिंबाब्वे 1 रन से जीता

Photo : Twitter

Pakistan vs Zimbabwe (PAK vs ZIM) T20 World Cup 2022, Match Highlights: गुरुवार को आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 में पाकिस्तान ने अपना दूसरा मुकाबला जिंबाब्वे के खिलाफ खेला। पाकिस्तानी टीम ने भारत के खिलाफ मिली हार से कुछ सीखता नहीं दिखा और एक बार फिर अंतिम गेंद तक गए मैच में जिंबाब्वे ने पाकिस्तान को शिकस्त दे दी।

जिंबाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। पाकिस्तान ने तेज गेंदबाज मोहम्मद वसीम (24 रन देकर चार विकेट) और स्पिनर शादाब खान (3 विकेट) के दम पर जिम्बाब्वे को आठ विकेट पर 130 रन ही बनाने दिये। वसीम सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होंने और शादाब खान ने मिलकर सात खिलाड़ियों को आउट किया। इससे अच्छी शुरूआत करने वाली जिम्बाब्वे की लय बिगड़ गयी।

जिंबाब्वे की पारी, पाक गेंदबाजों ने दिखाया दम

हारिस रऊफ ने भी टी20 गेंदबाजी में अपना सर्वश्रेष्ठ किफायती प्रदर्शन किया, उन्होंने चार ओवर में एक मेडन डालकर 12 रन दिये और एक विकेट झटका।जिम्बाब्वे ने कप्तान क्रेग इरविन (19 रन) और वेस्ले माधेवेरे (17 रन) ने पहले विकेट के लिये 42 रन जोड़कर अच्छी शुरूआत की। इस भागीदारी का अंत रऊफ ने किया जब उनकी तेज रफ्तार वाली गेंद पर इरविन शार्ट फाइन लेग पर मोहम्मद वसीम को कैच दे बैठे।

दो गेंद बाद माधेवेरे भी पवेलियन पहुंच गये जिन्हें वसीम ने पगबाधा आउट किया जिसका इस बल्लेबाज ने रिव्यू लिया जो असफल रहा। मिल्टन शुम्बा (08) भी अपनी टीम की मदद नहीं कर सके और शादाब को उनकी ही गेंद पर कैच दे बैठे। सीन विलियम्स (31 रन) और सिकंदर रजा (09) ने चौथे विकेट के लिये 31 रन जोड़े थे कि शादाब ने 14वें ओवर में दोहरे झटके दे दिये। इससे जिम्बाब्वे की टीम अच्छी शुरूआत के बाद लय खो बैठी।

शादाब ने पहले विलिम्यस और फिर रेजिस चाकाब्वा को आउट किया। अगले ओवर में वसीम ने भी जिम्बाब्वे को दोहरे झटके दिये। रजा फिर क्वालीफायर वाली अपनी फॉर्म दोहराने में असफल रहे और फिर ल्यूक जोंगवे भी अगली गेंद पर बोल्ड हो गये। ब्रैड इवांस ने 15 गेंद में 19 रन बनाये और रेयान बर्ल 10 रन बनाकर नाबाद रहे।

पाकिस्तानी बल्लेबाज लड़खड़ाए

जवाब में उतरी पाकिस्तानी टीम ने बेहद खराब शुरुआत की और उसके दोनों स्टार ओपनर बाबर आजम (4) और मोहम्मद रिजवान (14) सस्ते में पवेलियन लौट गए। इसके बाद शान मसूद ने 38 गेंदों पर 44 रनों की पारी खेलकर माहौल बनाया लेकिन 16वें ओवर में जब वो आउट हुए, उस बीच पाकिस्तान ने अपने तीन और विकेट गंवा दिए थे। शान मसूद छठा विकेट साबित हुए।

इफ्तिखार अहमद 5 रन, शादाब खान 17 रन और हैदर अली 0 रन भी सस्ते में पवेलियन लौट गए। शान मसूद जब आउट हुए तब पाकिस्तान का स्कोर 6 विकेट पर 94 रन था और तकरीबन 5 ओवर और बाकी थे, जबकि पाकिस्तान को जीत के लिए 131 रन तक काफ फासला तय करना था।

रोमांचक अंतिम ओवर का हाल

अंतिम ओवर तक गए इस मैच में पाकिस्तान को आखिरी ओवर में जीत के लिए 11 रन चाहिए थे। इस ओवर की पहली गेंद पर नवाज ने 3 रन लिए, दूसरी गेंद पर चौका भी जड़ा। लेकिन तीसरी गेंद पर 1 रन लेकर मैच का रुख पलटना शुरू हो गया। चौथी गेंद पर कोई रन नहीं बना। अब अंतिम दो गेंदों पर 3 रन चाहिए थे लेकिन पांचवीं गेंद पर नवाज कैच आउट हो गए जबकि अंतिम गेंद पर शाहीन अफरीदी ने एक रन तो लिया लेकिन दूसरे रन के लिए दौड़ते समय रन आउट हुए और जिंबाब्वे ने 1 रन से मैच जीत लिया।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article