स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। नाजुक मोड़ पर पहुंचे भारत और न्यूजीलैंड के दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा। पहली पारी में पांच विकेट चटकाने वाले आकाश दीप बाहर हो गए। बल्लेबाजी के दौरान उनके सिर पर दो बार गेंद लगी। ऐसे में कनकशन के नए रूल के हिसाब से उन्हें बचे हुए मैच से बाहर होना। उनकी जगह टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में प्रसिद्ध कृष्णा को शामिल किया गया। इसके साथ ही कृष्णा तीसरे भारतीय खिलाड़ी बने जिसे कनकशन सब्स्टीट्यूट के रूप में प्लेइंग इलेवन में जगह मिली।
भारतीय क्रिकेट में कनकशन सब्स्टीट्यूट।
भारतीय क्रिकेट में मात्र तीसरी बार हुआ है जब किसी खिलाड़ी को कनकशन सब्स्टीट्यूट के रूप में प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। खास बात यह है कि इससे पहले दो बार जब कनकशन का मामला हुआ था तो वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हुआ था। टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए यह पहला मामला है।
भारतीय क्रिकेट में कनकशन सब्स्टीट्यूट के मामले-
पहले कनकशन सब्स्टीट्यूट के रूप में युजवेंद्र चहल को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया था। दिसंबर 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 मैच में रवींद्र जडेजा को कनकशन (सिर में चोट) हुआ। बल्लेबाजी के दौरान 20वें ओवर में मिचेल स्टार्क की गेंद उनके हेलमेट पर लगी थी। पवेलियन लौटे समय उन्हें चक्कर आने की शिकायत हुई। इसके बाद जडेजा की जगह दूसरी पारी में युजवेंद्र चहल को 'लाइक-फॉर-लाइक' कनकशन सब्सिट्यूट के तौर पर मैदान पर उतारा गया था। चहल ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लिए थे।
दूसरा मामला साल 2025 आया। जब पुणे में भारत और इंग्लैंड के बीच चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में शिवम दुबे की जगह कनकशन सब्स्टीट्यूट के रूप में हर्षित राणा मैदान उतरे और हीरो बन गए। यह उनका टी20I डेब्यू मैच भी रहा। बल्लेबाजी के दौरान 34 गेंद पर 53 रन की पारी खेलने वाले शिवम दुबे को 20वें ओवर में जेमी ओवरटन की बाउंसर हेलमेट में लगी। फील्डिंग के दौरान उनकी जगह हर्षित राणा को सब्स्टीट्यूट के रूप में उतारा गया। राणा ने तीन विकेट चटकाए और भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
अब तीसरा मामला टेस्ट क्रिकेट में देखने को मिला है। दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में आकाश दीप ने पांच विकेट चटकाए थे। ऐसे में उनका बाहर होना भारत के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। वहीं, देखने वाली बात होगी कि क्या प्रसिद्ध कृष्णा मिले हुए इस शानदार मौके को कैसे भुनाते हैं।
रोचक तथ्य-
तीन भारतीय कनकशन सब्स्टीट्यूट की टाइमलाइन: 2020 में चहल, 2025 में हर्षित राणा और अब (2026) प्रसिद्ध कृष्णा।
एक महत्वपूर्ण आंकड़ा: भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में पहली बार कनकशन सब्स्टीट्यूट का इस्तेमाल।
नियम का अंतर: कनकशन सब्स्टीट्यूट कोई सामान्य रिप्लेसमेंट नहीं है। मैच रेफरी की मंजूरी और लाइक-फॉर-लाइक रिप्लेसमेंट जरूरी है।
कब लागू हुआ ICC का नियम?
आईसीसी ने से 1 जुलाई 2019 को कनकशन सब्स्टीट्यूट का नियम को लागू किया था। इसके तहत अगर किसी खिलाड़ी को लाइव मैच में चोट लगती है तो मेडकिल टीम उसका तुरंत जांच करेगी। नियम के अनुसार, फिजियो की जांच के बाद खिलाड़ी को खेलने की इजाजत दी जाएगी। अगर किसी खिलाड़ी में चक्कर आने, दर्द होने और कम दिखने जैसे लक्षण पाए जाते हैं तो मैच रेफरी के पास यह अधिकार होता है वह टीम के आग्रह पर उस खिलाड़ी की जगह किसी अन्य को खेलने का मौका दे सकता है। इस दौरान विपक्षी टीम को इसकी जानकारी दी जाती है। रूल के हिसाब से बल्लेबाज को बल्लेबाज से, गेंदबाज को गेंदबाज से और ऑलराउंडर को ऑलराउंडर से ही रिप्लेस किया जाएगा।
यह भी पढे़ं- IND vs NZ: मोहम्मद सिराज को लेकर नया विवाद
