वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का दूसरा फाइनल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ओवल लंदन में खेला जाएगा। 7-11 जून के बीच होने वाले इस फाइनल को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आ रहा है। आपको बता दें कि टीम इंडिया लगातार दूसरी बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची है तो ऑस्ट्रेलिया पहली बार दावेदारी पेश करेगी।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल, भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
टूकड़ों में रवाना होगी टीम
इनसाइड स्पोर्ट्स की रिपोर्ट की मानें तो टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ सभी सपोर्टिंग स्टाफ के साथ 23-24 मई को लंदन के लिए रवाना हो जाएंगे। उनके साथ कुछ खिलाड़ी भी होंगे जो मौजूदा आईपीएल के ऐसी टीम से होंगे जो प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी होगी। बाकी टीम के सदस्य उन्हें आईपीएल के बाद ज्वाइन करेंगे। 1 जून से ट्रेनिंग कैंप शुरू हो जाएगा और रोहित शर्मा समेत बाकी खिलाड़ी इससे पहले टीम से जुड़ जाएंगे।
मई के आखिरी हफ्ते में जाएंगे द्रविड़
बीसीसीआई अधिकारी ने इनसाइड स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा 'राहुल मई के अंतिम सप्ताह में 23-24 मई के आस-पास लंदन के लिए रवाना होंगे। खिलाड़ी अपनी आईपीएल प्रतिबद्धताओं के बाद रवाना होंगे। कुछ लोग द्रविड़ के साथ चले जाएंगे क्योंकि उनका आईपीएल अभियान समाप्त हो जाएगा।'
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की बात करें को ऑस्ट्रेलिया ने अपने स्क्वॉड की घोषणा कर दी है, लेकिन टीम इंडिया की घोषणा मई के पहले हफ्ते में किए जाने की उम्मीद है। टीम की घोषणा चार सदस्यीय सेलेक्शन टीम शिव सुंदर दास की अगुआई में की जाएगी।
सेलेक्टर के सामने सबसे बड़ी चुनौती श्रेयस अय्यर का रिप्लेसमेंट ढूंढने की होगी जो इंजरी के कारण पहले ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप से बाहर हो चुके हैं। टीम इंडिया के पास अजिंक्य रहाणे और सूर्यकुमार यादव के रुप में दो विकल्प मौजूद है। सूर्यकुमार यादव के पास टेस्ट खेलने का अनुभव कम है जबकि अजिंक्य रहाणे जबरदस्त फॉर्म में हैं। वह आईपीएल के इस सीजन में विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं।
