वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 का फाइनल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंदन के ऐतिहासिक ओवल मैदान पर खेला जाएगा। यह मुकाबला 7-11 जून के बीच खेला जाएगा जबकि इसके लिए एक दिन अतिरिक्त भी रखा गया है। दोनों टीम के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा भी हो गई है। टीम इंडिया की बात करें तो इस स्क्वॉड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी दो टेस्ट मैच से बाहर केएल राहुल और 1 साल बाद अजिंक्य रहाणे की वापसी हुई है। इसके अलावा सूर्यकुमार यादव को जगह नहीं मिली है।
रोहित शर्मा के नेतृत्व में टीम इंडिया
15 सदस्यीय इस स्क्वॉड में विकेटकीपर बल्लेबाज श्रीकर भरत का नाम भी है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस महत्वपूर्ण मुकाबले में टीम इंडिया केएल राहुल के साथ उतरेगी या श्रीकर भरत को प्लइंग इलेवन में मौका मिलेगा। इसके अलावा अजिंक्य रहाणे की प्लेइंग इलेवन में जगह बनेगी या नहीं। या फिर दो स्पिन गेंदबाज और तीन तेज गेंदबाजों को अंतिम ग्यारह में मौका मिलेगा या फिर टीम इंडिया तेज गेंदबाजी को ज्यादा तरजीह देगी।
ऐसे तमाम सवाल आपके मन में भी आ रहे होंगे कि आखिर 20 साल बाद आईसीसी के फाइनल इवेंट में जब टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उतरेगी तो उसकी प्लेइंग इलेवन क्या होनी चाहिए?
द ग्रेट सुनील गावस्कर ने इन तमाम सवालों के जवाब के तौर पर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए अपनी पसंद की प्लेइंग इलेवन चुनी है। उन्होंने ओपनिंग के तौर पर शुभमन गिल और रोहित शर्मा को चुना है। उसके बाद उनकी टीम में चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे और विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल को चुना है।
गेंदबाजी में उन्होंने 2 स्पिन और 3 तेज गेंदबाज को प्लेइंग इलेवन में जगह दी है। स्पिन के तौर पर उन्होंने रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन को जबकि तेज गेंदबाज के तौर पर उन्होंने मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और जयदेव उनादकट को शामिल किया है।
WTC Final 2023 के लिए गवास्कर की प्लेइंग इलेवन-
रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, जयदेव उनादकट, मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी।
