क्रिकेट

WPL 2025, UPW vs RCB: यूपी वारियर्स के खिलाफ प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के इरादे से उतरेगी आरसीबी

डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी विमेंस प्रीमियर लीग की प्लेऑफ की रेस में बने रहने के इरादे से यूपी वॉरियर्स के खिलाफ उसके घरेलू मैदान पर दो-दो हाथ करने के इरादे से उतरेगी। जानिए मैच से जुड़ी अहम बातें।

Image

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (साभार RCB)

लखनऊ: टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर खड़ी यूपी वॉरियर्स शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ मैच में जीत के साथ महिला प्रीमियर लीग के इस सत्र से विदा लेना चाहेगी और इसके लिये मध्यक्रम के उसके बल्लेबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। यूपी की टीम ने कई मौके गंवाये और एक ईकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही। सात मैचों में महज चार अंक के साथ वह तालिका में सबसे नीचे है और तकनीकी दौर पर ही दौड़ में बनी हुई है।

सुपर ओवर में मिली हार से नहीं उबर पाई है आरसीबी

गत चैम्पियन आरसीबी के लिये भी यह सत्र कठिन रहा और उसके छह मैचों में चार ही अंक है। वह लगातार चार मैचों में पराजय झेल चुकी है। वैसे उनके पास अभी एक मैच और है जिससे प्लेआफ की उम्मीदें बनी हुई है। स्मृति मंधाना की टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी। पिछले मैच में सुपर ओवर में मिली हार की यादें अभी भी ताजा है और उनका लक्ष्य बदला चुकता करने का भी होगा। यूपी की टीम बार बार के बदलावों से उबर नहीं सकी और उसका बल्लेबाजी क्रम स्थिर नहीं हो पाया है। पिछले तीन मैचों में शीर्षक्रम में काफी बदलाव किये गए। उन्होंने कम से कम एक विदेशी बल्लेबाज से पारी का आगाज कराया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। भारत की किरण नवगिरे शीर्ष तीन में हमेशा रही लेकिन मिली जुली सफलता मिली। ग्रेस हैरिस ने एक अहम पारी खेली और पिछले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ जॉर्जिया वोल चमकी।

यूपी का मिडिल ऑर्डर रहा है बुरी तरह नाकाम

यूपी का मध्यक्रम हालांकि एक टीम के रूप में नाकाम रहा और ना तो बड़ा स्कोर बन सका और ना ही लक्ष्य का पीछा करने में कामयाब रहे। यूपी की कप्तान दीप्ति शर्मा ने कहा,'हम मध्यक्रम में लगातार गलतियां कर रहे हैं। हमारा शीर्ष और निचला क्रम अच्छा खेल रहा है लेकिन मध्यक्रम पर फोकस करना होगा। उम्मीद है कि आखिरी मैच में वे अच्छा प्रदर्शन करेंगे।'यूपी वारियर्स ने इस सत्र में सर्वोच्च स्कोर 180 रन आरसीबी के खिलाफ ही बनाये थे। उन्होंने सुपर ओवर में वह मैच जीता था। दूसरी ओर आरसीबी ने लगातार दो जीत के साथ शुरूआत की थी लेकिन उसके बाद लय से भटक गई। बेंगलुरू में टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी । कप्तान मंधाना को उम्मीद होगी कि जगह बदलने से किस्मत भी बदलेगी।

स्मृति मंधाना का फॉर्म रहा है चिंता का विषय

तालिका में चौथे स्थान पर काबिज आरसीबी के बल्लेबाज पिछले दो मैचों में नाकाम रहे और मंधाना का अपना फॉर्म चिंता का विषय है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 81 रन बनाने के बावजूद वह स्पिनरों के खिलाफ जूझती नजर आई। एलिस पैरी भी लगातार अच्छा नहीं खेल सकीं। इसी तरह आरसीबी के गेंदबाज भी लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे। उन्होंने पिछले मैच में सात गेंदबाजों को आजमाया लेकिन सफलता नहीं मिली। तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर ने टूर्नामेंट में अभी तक दस विकेट लिये हैं जबकि स्पिनर जॉर्जिया वेयरहैम ने नौ विकेट चटकाये हैं। लेकिन दोनों सही लाइन और लैंग्थ से गेंदबाजी नहीं कर पाई हैं। स्पिनर एकता बिष्ट और कनिका आहूजा भी बीच के ओवरों में उतना प्रभावित नहीं कर पाईं।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू :

स्मृति मंधाना (कप्तान), कनिका आहूजा, एकता बिष्ट, चार्ली डीन, किम गार्थ, ऋचा घोष (विकेटकीपर), हीथर ग्राहम, वीजे जोशीथा, सब्बिनेनी मेघना, नज़हत परवीन, जगरावी पवार, एलिसे पेरी, राघवी बिस्ट, स्नेह राणा, प्रेमा रावत, रेणुका सिंह, जॉर्जिया वेरेहम, डैनी व्याट-हॉज।

यूपी वॉरियर्स: दीप्ति शर्मा (कप्तान), अंजलि सरवानी, चमारी अथापथु, उमा छेत्री, सोफी एक्लेस्टोन, राजेश्वरी गायकवाड़, अरुशी गोयल, क्रांति गौड़, ग्रेस हैरिस, चिनेले हेनरी, पूनम खेमनार, अलाना किंग, ताहलिया मैकग्रा, किरण नवगिरे, श्वेता सहरावत, गौहर सुल्ताना, साइमा ठाकोर, दिनेश वृंदा।

मैच शाम 7:30 PM से शुरू होगा ।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article