लखनऊ: स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली विमेंस प्रीमियर लीग की डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी का लगातार दूसरी बार खिताब जीतने का सपना शनिवार को यूपी वॉरियर्स के खिलाफ हार के साथ ही खत्म हो गया। आरसीबी के लिए प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए यूपी के खिलाफ मुकाबले में जीत जरूरी थी। जीत के लिए 226 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी की टीम 19.3 ओवर में 213 रन बनाकर ढेर हो गई। 19वें ओवर में स्नेह राणा ने 6 गेंद में 26 रन की आतिशी पारी खेलकर आरसीबी को 200 रन के पार पहुंचाया और जीत की संभावनाओं को बरकरार रखा लेकिन 19वें ओवर की अंतिम गेंद पर उनके कैच आउट होते ही आरसीबी की जीत की संभावना भी खत्म हो गई। अंतिम ओवर में जीत के लिए 15 रन बनाने थे लेकिन रेणुका ठाकुर के रन आउट होते ही आरसीबी की पारी का अंत हो गया।
यूपी वॉरियर्स (साभार WPL)
खराब रही आरसीबी की शुरुआत 43 रन पर गंवाए दो विकेट
जीत के लिए 226 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान मंधाना का खराब फॉर्म जारी रहा और वो 4 रन बनाकर हेनरी की गेंद पर कैच दे बैठीं। 29 रन पर आरसीबी को पहला झटका लगा। इसके बाद एस मेघना और एलिस पैरी ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने स्कोर को 43 रन तक टीम को पहुंचाया। लेकिन चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर मेघना सोफी एक्लेस्टोन की गेंद पर कैच दे बैठीं। उन्होंने 27(12) रन की पारी खेली।
43 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद एलिस पैरी ने एक छोर संभाला और टीम को राघवी बिष्ट के साथ मिलकर 50 रन के पार पहुंचाया। लेकिन 76 के स्कोर पर पैरी अंजली सरवनी ने बोल्ड कर दिया। उन्होंने 28(15) रन बनाए। इसके बाद राधवी बिष्ट को चिनले हेनरी ने विकेट के पीछे कैच करा दिया। उन्होंने 14(12) रन बनाए। इसके बाद कनिका अहूजा को दीप्ति शर्मा ने बोल्ड कर दिया।
ऋचा घोष ने जड़ा आतिशी अर्धशतक
11 ओवर में 107 रन पर 5 विकेट गंवाकर आरसीबी मुश्किल में नजर आ रही थी। ऐसे में ऋचा घोष ने मोर्चा संभाला और एक छोर से चौकों छक्कों की बरसात करके आरसीबी को मैच में वापस लौटा दिया। ऋचा ने 25 गेंद में 4 चौके और 4 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। लेकिन 17वें ओवर की तीसरी गेंद पर ऋचा दीप्ति शर्मा की गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश में चिनेल हेनरी के हाथों लपकी गईं। ऋचा ने 33 गेंद में 69 रन बनाए। उन्होंने पारी में 6 चौके और 5 छक्के जड़े। ऋचा के आउट होते ही चार्ली डीन(9) और जॉर्जिया वेयरहेम(17) पवेलियन लौट गईं।
राणा 19वें ओवर में बढ़ाया मैच का रोमांच
ऐसे में बल्लेबाजी करने आईं अनुभवी स्नेह राणा ने 19वें ओवर में कप्तानी दीप्ति शर्मा के खिलाफ हल्ला बोल दिया और ओवर में 25 रन बटोरकर मैच में आरसीबी को वापस ला दिया। अंतिम गेंद छक्का जड़ने की कोशिश में वो कैच दे बैठीं और इसी के साथ आरसीबी की जीत की संभावनाएं भी खत्म हो गईं। राणा ने 6 गेंद में 26 रन की पारी खेली। अंतिम 6 गेंद में रेणुका ठाकुर और किम गेराथ 15 रन नहीं बना सकीं।
जॉर्जिया वॉर ने खेली 99 रन की नाबाद पारी
यूपी वॉरियर्स ने अपने आखिरी लीग मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। मैच में धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए यूपी वॉरियर्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 225 रन का विशाल स्कोर जॉर्जिया वॉर की 99 रन की नाबाद पारी की बदौलत खड़ा किया। जो कि टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है। जॉर्जिया वॉल ने शानदार फॉर्म जारी रखी लेकिन महज एक रन से शतक से चूक गईं। उन्होंने 56 गेंद की नाबाद पारी में 17 चौके और एक छक्का लगाया। किरण नवगिरे ने भी 16 गेंद में दो चौके और पांच छक्के से 46 रन की आतिशी पारी खेली। ग्रेस हैरिस ने 22 गेंद में 39 रन और चिनेल हेनरी ने 15 गेंद में 19 रन का योगदान दिया। आरसीबी की जॉर्जिया वेयरहम ने 43 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
वॉर ने खेली डब्लूपीएल इतिहास की सबसे बड़ी पारी
बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद यूपी वारियर्स के शीर्ष क्रम ने आक्रामक बल्लेबाजी की जिससे जॉर्जिया वॉल डब्ल्यूपीएल इतिहास में सोफी डिवाइन के साथ संयुक्त रूप से सर्वोच्च स्कोर बनाने वाली खिलाड़ी बन गईं। डिवाइन ने 2023 में आरसीबी के खिलाफ ही 99 रन की पारी खेली थी। आरसीबी की गेंदबाज यूपी वारियर्स की बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में असफल रहीं जिससे जॉर्जिया वॉल और हैरिस ने स्वंछद बल्लेबाजी करते हुए सत्र में पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। दोनों ने पावरप्ले में 67 रन जोड़े।
किरण नवगिरे ने भी खिली आतिशी पारी
हैरिस ने शुरू में आक्रामक थीं, उन्होंने किम गर्थ की गेंदों पर पांच चौके जड़े। वहीं जॉर्जिया बॉल ने रेणुका सिंह की गेंदों पर तीन चौके जड़े। पर 77 रन के स्कोर पर हैरिस के आउट होने पर पहले विकेट की साझेदारी टूट गई। लेकिन नवगिरे ने जॉर्जिया वॉल के साथ मिलकर 31 गेंद में 71 रन की साझेदारी निभाई जिससे यूपी वारियर्स 9.3 ओवर में 100 रन पर पहुंच गई। नवगिरे ने आउट होने से पहले पांच छक्के लगाए। फिर हेनरी और जॉर्जिया वॉल ने 25 गेंद में 43 रन की भागीदारी की। कप्तान दीप्ति शर्मा अंतिम गेंद पर रन आउट हो गई जिससे जॉर्जिया वॉल अपने शतक से महज एक रन से चूक गईं।
(भाषा इनपुट के साथ)
