क्रिकेट

WPL 2025, GG vs DC: हरलीन देओल की आतिशी पारी की बदौलत गुजरात ने दी दिल्ली को मात, हार के बावजूद प्लेऑफ में हुई कैपिटल्स की एंट्री

Gujarat giants (wpl) vs Delhi capitals team match scorecard: गुजरात जायंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स को रोमांचक मुकाबले में पांच विकेट से मात देकर सीजन की चौथी जीत दर्ज की और एक बार फिर अंक तालिका में दूसरे पायदान पर कब्जा कर लिया। जानिए कैसा रहा गुजरात और दिल्ली के बीच खेले गए मुकाबला का हाल?

Image

बेथ मूनी और हरलीन देओल (साभार WPL)

लखनऊ: गुजरात जायंट्स ने शुक्रवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के रोमांचक मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ तीन गेंद रहते पांच विकेट से जीत दर्ज की। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने कप्तान मेग लेनिंग की 92 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत 5 विकेट पर 177 रन का स्कोर खड़ा किया था। जीत के लिए मिले 178 रन के लक्ष्य को गुजरात ने बेथ मूनी की 44 और हरलीन देओल की नाबाद 70(49) रन की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 19.3 ओवर में पांच विकेट रहते हासिल कर लिया। काश्वी गौतम 9(3) रन बनाकर नाबाद रहीं। हरलीन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हालांकि हार के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम भी बन गई।

दूसरे ओवर में गुजरात को लगे दोहरे झटके

गुजरात की टीम ने दूसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाज दयालन हेमलता (01) का विकेट गंवा दिया। लेकिन विकेटकीपर और सलामी बल्लेबाज मूनी (35 गेंद, छह चौके) और हरलीन देओल (49 गेंद, नौ चौके, एक छक्का) ने 57 गेंद में दूसरे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी निभाई। मीनू मणि ने 12वें ओवर में मूनी का विकेट झटक लिया। पर हरलीन ने आक्रामकता से खेलना जारी रखा। उन्होंने कप्तान एशले गार्डनर के साथ तीसरे विकेट के लिए 25 गेंद में 39 रन और डायंड्रा डोटिन के साथ चौथे विकेट के लिए 14 गेंद में 34 रन की साझेदारी निभाई जिससे टीम लक्ष्य के करीब पहुंची।

अंतिम ओवर में जीत के लिए गुजरात को बनाने थे 7 रन

डॉटिन ने 18वें ओवर में जेस जोनाथन पर दो चौके और एक छक्का जड़ दिया। पर इसी गेंदबाज ने डोटिन और फोबे लिचफील्ड को लगातार गेंदों पर आउट कर दिया। लेकिन डोटिन के 10 गेंद में दो चौके और दो छक्के ने गुजरात जायंट्स की मुश्किल आसान कर दी। इससे अब दो ओवर में 16 रन की जरूरत थी और काशवी गौतम ने 19वें ओवर की अंतिम गेंद पर छक्का जड़ दिया। जिससे अंतिम ओवर में जीत के लिए सात रन चाहिए थे और हरलीन ने आसानी से ये रन जुटा लिए।

मेग लेनिंग ने खेली कप्तानी पारी

बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के लिए लैनिंग ने 57 गेंद में 15 चौके और एक छक्के से 92 रन बनाये। उन्होंने और सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (40 रन, 27 गेंद, तीन चौके, तीन छक्के) के साथ नौ ओवर के अंदर पहले विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी कर धमाकेदार शुरूआत कराई। शेफाली हालांकि मेघना सिंह की गेंद पर एक और छक्का लगाने के प्रयास में बाउंड्री पर फोबे लिचफील्ड के हाथों कैच आउट हो गईं। पर लैनिंग क्रीज पर डटी रहीं और आक्रामक इरादे के साथ बल्लेबाजी जारी रखीं।

दिल्ली कैपिटल्स की खराब रही थी शुरुआत

दिल्ली कैपिटल्स ने जेस जोनासन और जेमिमा रोड्रिग्स के विकेट जल्दी गंवा दिए। एनाबेल सदरलैंड (8 गेंद पर 14 रन, दो चौके) ने लैनिंग को कुछ समय के लिए साथ दिया, लेकिन वह भी बड़ा हिट लगाने की कोशिश में पवेलियन पहुंच गईं। लैनिंग अंतिम ओवर में डायंड्रा डोटिन की गेंद पर बोल्ड होकर शतक से आठ रन से चूक गईं। वह धीमी और बैक-ऑफ-लेंथ गेंद पर पूरी तरह से लाइन से चूक गईं जिससे उनके स्टंप उखड़ गए। गुजरात जायंट्स की गेंदबाजों में मेघना सिंह सबसे सफल रहीं जिन्होंने 35 रन देकर तीन और डायंड्रा डोटिन ने 37 रन देकर दो विकेट झटके।

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article