क्रिकेट

WPL 2024: यूपी वॉरियर्स ने रोका दिल्ली कैपिटल्स का विजय रथ, रोमांचक मुकाबले में दी 1 रन से मात

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 8, 2024, 11:36 PM IST

दीप्ति शर्मा के ऑलराउंडर प्रदर्शन के बल पर यूपी वॉरियर्स ने शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स का उसके ही घर पर विजय रथ रोक दिया और रोमांचक मुकाबले में 1 रन से मात दी।

Image

यूपी वॉरियर्स विमेन( साभार WPL)

Photo : Twitter

नई दिल्ली: यूपी वॉरियर्स ने दिल्ली कैपिटल्स का विजय रथ विमेंस प्रीमियर लीग के 15वें मुकाबले में रोककर टूर्नामेंट में अपनी संभावनाओं को बरकरार रखा है। शुक्रवार को खेले गए 15वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की टीम यूपी वॉरियर्स द्वारा दिए जीत के लिए 139 रन के लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकी और एक रन के करीबी अंतर से मैच गंवा दिया। दिल्ली कैपिटल्स की टीम 19.5 ओवर में 137 रन बनाकर ढेर हो गई। आखिरी 4 गेंद में जीत के लिए दिल्ली के खिलाड़ी 2 रन नहीं बना सके और तीन गेंद मे तीन विकेट गंवाकर मैच 1 रन के करीबी अंतर से गंवा दिया। दीप्ति शर्मा यूपी की जीत की नायिका रहीं। उन्होंने पहले बल्ले से 59 रन का योगदान दिया और इसके बाद गेंदबाजी में 19वें ओवर में तीन विकेट चटकाकर मैच का रुख पलट दिया। दीप्ति ने 4 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट चटकाए।

दिल्ली कैपिटल्स ने 11 गेंद में गंवाए 6 विकेट और मैच

दिल्ली ने आखिरी 11 गेंद में 6 विकेट गंवा दिए।अंतिम 12 गेंद में जीत के लिए दिल्ली को 15 रन बनाने थे। लेकिन दीप्ति शर्मा ने 18वें ओवर की पहली, दूसरी और चौथी गेंद पर एलाबेल सदरलैंड(6), अरुंधती रेड्डी(0) और शिखा पांडे(4) के विकेट चटकाकर मैच का रुख पलट दिया। अंतिम ओवर में जीत के लिए दिल्ली को 10 रन बनाने थे और उसके पास तीन विकेट बाकी थी। ओवर की पहली ही गेंद पर राधा यादलव ने ग्रेस हैरिस की गेंद पर छक्का जड़कर शानदार शुरुआत की। अगली गेंद पर उन्होंने 2 रन भी लिए। अंतिम 4 गेंद पर जीत के लिए 2 रन बनाने थे। ऐसे में हैरिस ने राधा यादव(9) को बोल्ड कर दिया। अगली गेंद पर जेस जॉनेसन रन आउट हो गईं और इसके बाद पांचवीं गेंद पर तितास साधु मिड ऑफ पर कैच दे बैठीं। इस तरह एक गेंद शेष रहते दिल्ली ने हाथ आया मुकाबला गंवा दिया।

कप्तान लैनिंग के अर्धशतक पर फिरा पानी, दीप्ति शर्मा ने झटकी हैट्रिक

139 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को कप्तान मेग लैनिंग और शेफाली वर्मा ने तेज शुरुआत दी। लेकिन चौथे ओवर में शेफाली 12 गेंद में 15 रन बनाकर ठाकोर की गेंद पर बोल्ड हो गईं। इसके बाद लैनिंग दूसरे छोर पर खिलाड़ियों के साथ छोटी-छोटी साझेदारियां करती रहीं। 93 के स्कोर पर लैनिंग 46 गेंद पर 60 रन बनाकर दीप्ति शर्मा की गेंद पर एलबीडब्ल हो गईं। इसके बाद टीम का पतन शरू हो गया।

दीप्ति रहीं यूपी की टॉप स्कोरर, जड़ा लगातार दूसरा अर्धशतक

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूपी वॉरियर्स ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 138 रन का स्कोर खड़ा किया। पिछले मैच में अर्धशतक जड़ने वाली दीप्ति शर्मा तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरीं और 59(48) रन बनाकर टीम की टॉप स्कोरर रहीं। दीप्ति ने पारी में 6 चौके और एक छक्का जड़ा। दीप्ति को कप्तान एलिसा हीली (29) के आउट होने के बाद दूसरे छोर से अच्छा सहयोग नहीं मिला। दीप्ति और हीली के अलावा वॉरियर्स की तरफ से केवल ग्रेस हैरिस (14) ही दोहरे अंक में पहुंच पाईं। दिल्ली की तरफ से राधा यादव ने 16 रन देकर दो और टिटास साधु ने 23 रन देकर दो विकेट लिए। इन दोनों ने तीन-तीन ओवर किये।

पॉवरप्ले में यूपी ने बनाए 44/1 रन

वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले के 6 ओवर में किरण नवगिरे (05) का विकेट गंवाकर 44 रन बनाए। साधु ने किरण को बोल्ड करके दिल्ली को शुरुआती सफलता दिलाई। हीली और दीप्ति ने दूसरे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी की। इन दोनों ने प्रत्येक ओवर में गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचकर स्कोर बोर्ड को चलायमान रखा। एलिस कैप्सी ने हीली को लांग ऑन पर कैच करा कर यह साझेदारी तोड़ी। इसके बाद वॉरियर्स ने नियमित अंतराल में विकेट गंवाए। दीप्ति ने एक छोर से रन बनाने जारी रखे। वॉरियर्स को हैरिस से बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन 14वें ओवर में दिल्ली की कप्तान मेग लैनिंग से जीवन दान मिलने के बावजूद वह इसका फायदा नहीं उठा पाई और राधा यादव ने दो गेंद बाद ही उन्हें आउट कर दिया। इससे वॉरियर्स की रनगति पर असर पड़ा।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article