रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने यूपी वॉरियर्स को 23 रन से हराकर WPL 2024 की तीसरी जीत दर्ज कर ली। यूपी के सामने 199 रन का विशाल लक्ष्य था, लेकिन आरसीबी की गेंदबाजी के सामने यूपी की टीम 8 विकेट खोकर केवल 175 रन ही बना पाई। यूपी की ओर से एलिसा हीली ने 38 गेंद में सर्वाधिक 55 रन की पारी खेली। इससे पहले यूपी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी।
यूपी वॉरियर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (साभार-WPL)
पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने स्मृति मंधाना की विस्फोटक 80 और एलिस पेरी की 58 रन की पारी के दम पर 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 198 रन बनाए। पिछले दो मैच हारने के बाद आरसीबी ने सोफी डेवाइन की जगह एस मेघना से पारी की शुरूआत कराई। इसका फायदा भी उन्हें मिला जब मेघना और मंधाना ने 5.3 ओवर में तेजी से 51 रन जोड़े।
मंधाना ने 50 गेंद में दस चौकों और तीन छक्कों की मदद से 80 रन बनाये। पेरी ने 37 गेंद में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 58 रन की पारी खेली। पेरी ने मंधाना के साथ दूसरे विकेट के लिये 64 गेंद में 95 रन की साझेदारी की और आरसीबी को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।
