WPL 2024 DC vs MI: दिल्ली कैपिटल्स ने दर्ज की लगातार चौथी जीत,घर पर दी मुंबई इंडियन्स को दी मात

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 5, 2024, 10:50 PM IST

दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियन्स को नई दिल्ली लेग के पहले मुकाबले में 29 रन के अंतर से मात देकर लगातार चौथी जीत दर्ज की और अंक तालिका में पहले पायदान पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।

नई दिल्ली: मेग लैनिंग की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स का विजय अभियान काफिले के बेंगलुरू से दिल्ली पहुंचने के बाद भी जारी रहा। नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स ने डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियन्स को 29 रन से मात देकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियन्स के सामने जीत के लिए 193 रन का लक्ष्य रखा था लेकिन मुंबई की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 163 रन बना सकी। अमनजोत कौर मुंबई की सबसे सफल बल्लेबाज रहीं। उन्होंने 42 और हैली मैथ्यूज ने 29 रन की पारियां खेलीं। इन दोनों के अलावा मुंबई की और कोई खिलाड़ी दो अंक के आंकड़े को नहीं छू सकी। दिल्ली के लिए जेस जॉनसेन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए। मारिजान कप ने 2 विकेट लिए। एक-एक सफलता तितास साधू, शिखा पांडे और राधा यादव को 1-1 विकेट मिला।

Delhi Capitals

दिल्ली कैपिटल्स (साभार WPL)

लैनिंग और जेमिमा ने जड़े आतिशी अर्धशतक

दिल्ली कैपिटल्स ने कप्तान मेग लैनिंग और जेमिमा रोड्रिग्स के तूफानी अर्धशतकों की मदद से मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 192 रन का स्कोर खड़ा किया। घरेलू मैदान पर खेलते हुए लैनिंग और जेमिमा ने मुंबई के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। लैनिंग ने छह चौके और दो छक्के की मदद से 38 गेंद में 53 रन की पारी खेली। जेमिमा ने इसके बाद 33 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के लगाकर नाबाद 69 रन बनाये। दोनों की आतिशी पारियों की बदौलत ही दिल्ली 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 192 रन के स्कोर तक पहुंच सकी। इन दोनों के अलावा शेफाली वर्मा (28) और ऐलिस कैप्सी (19) ने भी आक्रामक पारियां खेलीं।

End of Feed