क्रिकेट

CSK Top Bowlers in IPL 2024: आईपीएल के 17वें सीजन के आगाज से पहले जानिए चेन्नई सुपर किंग्स की गेंदबाजी में कितना है दम?

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 6, 2024, 05:04 AM IST

CSK Most Wicket Taker Bowler, Chennai Super Kings Top Bowler in IPL 2024: पिछले सीजन की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स एक बार फिर आईपीएल में खिताबी जीत के लिए अन्य टीमों को चुनौती देने के लिए तैयार है। जानिए कितना है चेन्नई सुपर किंग्स की गेंदबाजी में दम?

Image

चेन्नई सुपर किंग्स गेंदबाजी आईपीएल 2024

Chennai Super Kings (CSK) IPL 2024 Bowlers Stats and Records in Hindi: एमएस धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स की टीम एक बार फिर आईपीएल में अपना डंका बजाने को तैयार है। 22 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ अपने घरेलू मैदान एमए चिदंबरम स्टेडियम में सीएसके अपना खिताब बचाने उतरेगी। चेन्नई की बल्लेबाजी तो मजबूत है लेकिन उसकी गेंदबाजी में भी दम है। ये बात पिछले सीजन युवा गेंदबाजों पर धोनी ने भरोसा जताकर साबित कर दी थी। पिछले सीजन के दस सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में चेन्नई सुपर किंग्स के तीन गेंदबाज तुषार देशपांडे(21), रवींद्र जडेजा(20) और मथीशा पथिराना(19) शामिल थे।

17वें सीजन के लिए CSK ने नहीं किया गेंदबाजी में बड़ा बदलाव

चेन्नई ने 17वें सीजन के लिए अपनी टीम में एक बदलाव किया था और बांग्लादेश के अनुभवी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपने साथ जोड़ा था लेकिन सीजन के आगाज से पहले ही उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया है। उनकी जगह खबर लिखे जाने तक रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं हुआ है। इसके गेंदबाजी क्रम में कोई छेड़छाड़ चेन्नई के टीम मैनेजमेंट ने नहीं की और उन्हीं गेंदबाजों पर भरोसा जताया जिन्होंने पिछले सीजन खिताबी जीत में गैर-अनुभवी होने के बाद भी टीम की जीत सुनिश्चित की। ऐसे में आइए जानते हैं कि इस बार चेन्नई की गेंदबाजी में कितना दम नजर आ रहा है। गेंदबाजी की कमान इस बार अनुभवी दीपक चाहर और रवींद्र जडेजा संभालेंगे। उनका साथ देने के लिए कई युवा तेज गेंदबाज और अनुभवी स्पिनर हैं। आइए जानते हैं चेन्नई गेंदबाजों का कैसा है आईपीएल और टी20 क्रिकेट में रिकॉर्ड?

दीपक चाहर:

तेज गेंदबाज दीपक चाहर चोट से उबरकर वापस लौट आए हैं। धोनी का उनके ऊपर भरोसा है वो उनसे गेंदबाजी की शुरुआत और अंत दोनों कराते हैं। चाहर का आईपीएल में खेले 73 मैच में चाहर 72 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। ये विकेट उन्होंने 28.04 के औसत और 7.93 की इकोनॉमी के साथ लिए हैं। 13 रन देकर 4 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। पिछले सीजन चाहर ने 10 मैच में 13 विकेट अपने नाम किए थे। ऐसे में एक बार फिर उनके हाथों में तेज गेंदबाजी की कमान रहेगी।

तुषार देशपांडे:

आईपीएल 2023 में तुषार देशपांडे पर एमएस धोनी ने भरोसा जताया था। वो भरोसे पर खरे उतरे और चेन्नई के सबसे सफल गेंदबाज रहे। धोनी ने सुपर सब के रूप में उनका बखूबी इस्तेमाल किया। देशपांडे ने चेन्नई के लिए 16 मैच खेले और 26.86 के औसत और 9.92 की इकोनॉमी से 21 विकेट चटकाए। 45 रन देकर 3 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा था। तुषार सीजन के छठे सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। साल 2022 में उन्होंने चेन्नई के लिए डेब्यू किया था और केवल 1 विकेट अपने नाम कर सके थे। साल 2020 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 5 मैच में तुषार ने 3 विकेट लिए थे। ऐसे में धोनी अपने इस विकेट टेकर गेंदबाज पर एक बार फिर भरोसा जताएंगे।

मुकेश चौधरी:

बांए हाथ के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी को चेन्नई सुपर किंग्स ने साल 2022 में अपनी टीम में शामिल किया था। धोनी ने चौधरी पर भरोसा जताया और वो उम्मीदों पर खरे उतरे और 13 मैच में 16 विकेट 26.50 के औसत और 9.32 की इकोनॉमी से अपने नाम करने में सफल रहे। 46 रन देकर 4 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा लेकिन 2023 में चौधरी चोट की वजह से नहीं खेल सके थे। ऐसे में एक साल लंबे अंतराल के बाद टीम में वापसी करके चौधरी के सामने अपने पिछले प्रदर्शन को दोहराने की बड़ी चुनौती है।

मथीषा पथिराना:

साल 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स ने ए़़डम मिल्ने के रिप्लेसमेंट के रूप में जूनियर मलिंगा मशीथा पथिराना को अपनी टीम में शामिल किया था। पहले सीजन पथिराना 2 मैच में 2 विकेट अपने नाम कर सके। लेकिन साल 2023 में पथिराना पर धोनी ने भरोसा डेथ बॉलर के रूप में जताया। पथिराना ने धमाल मचाते हुए 12 मैच में 19 विकेट 19.53 के औसत और 8.01 की इकोनॉमी के साथ चटकाए। वो टीम में शामिल अकेले विदेशी तेज गेंदबाज हैं। एक साल में पथिराना बतौर खिलाड़ी और गेंदबाज परिपक्व हुए हैं जिसका फायदा चेन्नई को इस बार निश्चित तौर पर मिलेगा।

राजवर्धन हंगरगेकर:

साल 2023 में एमएस धोनी ने युवा तेज गेंदबाज राजवर्धन हंगरगेकर पर भरोसा जताया था। हंगरगेकर अपनी रफ्तार से प्रभावित करने में सफल रहे लेकिन लाइन लेंथ पर काबू नहीं पा सके। ऐसे में धोनी ने उनकी जगह मथीशा पथिराना को मौका दिया। इसके बाद राजवर्धन की प्लेइंग-11 में एंट्री नहीं हो पाई। ऐसे में नए सीजन में पिछली गलतियों से सबक लेकर तुषार मैदान में उतरेंगे और टीम की जीत में भूमिका अदा करना चाहेंगे। आईपीएल में 2 मैच में तुषार ने 3 विकेट 20 के औसत और 10 की इकोनॉमी के साथ लिए हैं।

सिमरजीत सिंह:

तेज गेंदबाज सिमरजीत सिंह को पिछले सीजन कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। इसकी बड़ी वजह उनकी चोट रही थी। नए सीजन में फिट होकर वो टीम के साथ जुड़ रहे हैं। अबतक खेले 6 मैच में सिमरजीत 4 विकेट अपने नाम किए हैं। ये 6 मैच उन्होंने साल 2022 में चेन्नई के लिए खेले थे।

शिवम दुबे

ऑलराउंडर शिवम दुबे तेज गेंदबाज की भूमिका भी निभाते हैं। हाल ही में टीम इंडिया के लिए अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में शिवम मे अपनी तेज गेंदबाजी से भी प्रभावित किया था। ऐसे में आईपीएल 2024 में धोनी कम से कम शिवम से दो ओवर गेंदबाजी करवाकर तेज गेंदबाजी को टीम की निश्चित तौर पर पैना करना चाहेंगे। शिवम दुबे ने आईपीएल में बतौर गेंदबाज केवल 4 विकेट अपने नाम किए है। पिछले तीन सीजन में उन्होंने एक भी विकेट नहीं लिया है।

रवींद्र जडेजा:

रवींद्र जडेजा चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी की भी अहम कड़ी हैं। पिछले सीजन चेन्नई की खिताबी जीत के हीरो रहे रवींद्र जडेजा सीजन में चेन्नई के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज भी रहे थे। जड़ेजा ने 16 मैच में 20 विकेट अपने नाम किए थे। उनकी बांए हाथ की स्पिन गेंदबाजी चेन्नई के घरेलू मैदान पर बेहद प्रभावशाली होती है। ऐसे में चेन्नई की स्पिन गेंदबाजी की कमान जडेजा के हाथों में होगी। जडेजा आईपीएल में 226 मैच में 152 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। ये रिकॉर्ड ही उनकी काबीलियत बताने के लिए काफी है।

महीष तीक्ष्णा:

श्रीलंकाई ऑफ स्पिनर महीष तीक्ष्णा टी20 फॉर्मेट के बेहद शानदार गेंदबाज हैं। कप्तान उनसे गेंदबाजी का आगाज करना पसंद करते हैं। सीएसके के कप्तान धोनी को भी उन्हे आईपीएल 2024 में कोई ऐसा ही रोल देंगे।पिछले सीजन तीक्ष्णा ने चोटिल होने से पहले 13 मैच में 11 विकेट 8 की इकोनॉमी और 35.64 के औसत से अपने नाम किए थे। दो सीजन में तीक्ष्मा कुल 23 विकेट 28.39 के औसत और 7.77 की इकोनॉमी से अपने नाम किए हैं। 33 रन देकर 4 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। इसी प्रदर्शन को तीक्ष्णा फिर दोहराने की कोशिश करेंगे।

मोईन अली:

इंग्लिश ऑलराउंडर मोईन अली चेन्नई के लिए मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने के साथ-साथ ऑफ स्पिन गेंदबाजी से भी योगदान देते हैं। पिछले सीजन मोईन ने 9 विकेट और 2022 में 8 विकेट अपने नाम किए थे। उनके अंदर गेंदबाजी के दम पर भी मैच बदलने का माद्दा है। 2023 में एक मैच में उन्होंने 26 रन देकर 4 विकेट लिए थे और 2022 में 13 रन देकर 3 विकेट एक मुकाबले में लिए थे। 59 मैच में मोईन अबतक आईपीएल में कुल 33 विकेट अपने नाम कर चुके हैं जिसमें से आधे से ज्यादा उन्होंने चेन्नई की जर्सी में लिए हैं।

मिचेल सेंटनर:

कीवी ऑलराउंडर और बांए हाथ के ऑफ स्पिनर मिचेल सेंटनर को पिछले दो सीजन में केवल 9 मैच चेन्नई के लिए खेलने का मौका मिला है लेकिन इन 9 मैचों में 7 विकेट चटकाकर उन्होंने ये तो बता दिया है कि वो भारतीय पिचों पर क्या कर सकते हैं। आईपीएल में खेले कुल 15 मैच में सेंटनर ने 13 विकेट 27.54 के औसत और 6.88 की इकोनॉमी से लिए हैं। वो भी एक कंजूस स्पिनर हैं जो धीमी पिचों पर ज्यादा कारगर साबित होते हैं।

निशांत सिंधू

साल 2022 में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य रहे निशांत सिंधू को चेन्नई के लिए एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला है लेकिन अपनी बांए हाथ की स्पिन गेंदबाजी से मैच पलटने का माद्दा रखते हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article