क्रिकेट

WPL 2024 DC vs MI: दिल्ली कैपिटल्स ने दर्ज की लगातार चौथी जीत,घर पर दी मुंबई इंडियन्स को दी मात

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 5, 2024, 10:50 PM IST

दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियन्स को नई दिल्ली लेग के पहले मुकाबले में 29 रन के अंतर से मात देकर लगातार चौथी जीत दर्ज की और अंक तालिका में पहले पायदान पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।

Image

दिल्ली कैपिटल्स (साभार WPL)

नई दिल्ली: मेग लैनिंग की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स का विजय अभियान काफिले के बेंगलुरू से दिल्ली पहुंचने के बाद भी जारी रहा। नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स ने डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियन्स को 29 रन से मात देकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियन्स के सामने जीत के लिए 193 रन का लक्ष्य रखा था लेकिन मुंबई की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 163 रन बना सकी। अमनजोत कौर मुंबई की सबसे सफल बल्लेबाज रहीं। उन्होंने 42 और हैली मैथ्यूज ने 29 रन की पारियां खेलीं। इन दोनों के अलावा मुंबई की और कोई खिलाड़ी दो अंक के आंकड़े को नहीं छू सकी। दिल्ली के लिए जेस जॉनसेन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए। मारिजान कप ने 2 विकेट लिए। एक-एक सफलता तितास साधू, शिखा पांडे और राधा यादव को 1-1 विकेट मिला।

लैनिंग और जेमिमा ने जड़े आतिशी अर्धशतक

दिल्ली कैपिटल्स ने कप्तान मेग लैनिंग और जेमिमा रोड्रिग्स के तूफानी अर्धशतकों की मदद से मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 192 रन का स्कोर खड़ा किया। घरेलू मैदान पर खेलते हुए लैनिंग और जेमिमा ने मुंबई के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। लैनिंग ने छह चौके और दो छक्के की मदद से 38 गेंद में 53 रन की पारी खेली। जेमिमा ने इसके बाद 33 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के लगाकर नाबाद 69 रन बनाये। दोनों की आतिशी पारियों की बदौलत ही दिल्ली 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 192 रन के स्कोर तक पहुंच सकी। इन दोनों के अलावा शेफाली वर्मा (28) और ऐलिस कैप्सी (19) ने भी आक्रामक पारियां खेलीं।

पूजा वस्त्राकर रहीं मुंबई की सबसे सफल गेंदबाज

मुंबई इंडियन्स के लिए पूजा वस्त्राकर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रही। उन्होंने चार ओवर में 20 रन देकर एक विकेट लिया। साइका इशाक (29 रन पर एक विकेट), शबनम इस्माइल (46 रन पर एक विकेट) और हैली मैथ्यूज (23 रन पर एक विकेट) विकेट लेने वाले अन्य गेंदबाज थे।

शेफाली-लैनिंग ने दिलाई दिल्ली को आतिशी शुरुआत

लैनिंग और शेफाली ने टीम को ताबड़तोड़ शुरुआत दिलायी। शेफाली ने तेज गेंदबाज शबनम के खिलाफ दो चौके जड़े। तीसरे ओवर में इशाक ने उनका कैच टपकाकर जीवनदान दिया। लैनिंग ने नैट सिवर ब्रंट के खिलाफ मैच का पहला छक्का जड़ा। उन्होंने इसी ओवर में चौका भी लगाया जिससे टीम ने 14 रन बटोरे। शेफाली ने भी इसके बाद शबनम के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का लगाया लेकिन इस गेंदबाज ने उन्हें आउट कर बदला पूरा किया। पावरप्ले के बाद दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 56 रन था।

36 गेंद में लैनिंग ने जड़ा अर्धशतक

कैप्सी ने लैनिंग के अच्छे से साथ दिया। वह 10वें ओवर में हेली मैथ्यूज की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में गेंद को स्टंप पर मार बैठीं। उन्होंने इससे पहले तीन चौकों की मदद से 31 रन जोड़े। लैनिंग ने 12वें ओवर में अमेलिया केर की गेंद पर दो चौके और एक छक्का लगाया, जिन्होंने उस ओवर में 20 रन दिए। इसी ओवर में दिल्ली ने 100 रन का आंकड़ा पूरा किया। उन्होंने अगले ओवर पूजा के खिलाफ चौका लगाकर 36 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह हालांकि अगले ही गेंद पर आउट हो गयी।

आखिरी पांच ओवर में मुंबई ने जोड़े 69 रन

इसके बाद मुंबई ने वापसी की कोशिश की, लेकिन जेमिमा ने लगातार बाउंड्री लगाकर रन रेट को बढ़ा दिया। दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरी पांच ओवरों में 69 रन बनाए। जेमिमा ने 19वें ओवर में साइवर-ब्रंट की गेंद पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया।

दिल्ली में रहे दर्शक नदारद

बेंगलुरु चरण की शानदार सफलता के बाद डब्ल्यूपीएल का कारवां दिल्ली पहुंचा लेकिन मैदान का ज्यादातर हिस्सा दर्शकों से खाली रहा। अरुण जेटली स्टेडियम में दर्शकों की बेरुखी के बावजूद दिल्ली के बल्लेबाजों का हौसला कम नहीं हुआ।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article