क्रिकेट

दुनिया ने मेरा वो रूप नहीं देखा, अब दिखाऊंगा... वैभव सूर्यवंशी ने किया बड़ा खुलासा

Vaibhav Suryavanshi reveals his test cricket ambitions: आईपीएल इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अपने दूसरे ही आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा रन के लिए ओरेंज कैप सहित तमाम अन्य अवॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। आईपीएल फाइनल अवॉर्ड्स समारोह के बाद वैभव ने कुछ ऐसे खुलासे किए जो अब तक उन्होंने नहीं किए थे।

Image

वैभव सूर्यवंशी ने क्या खुलासे किए (X/BCCI/IPL)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2026
  • वैभव सूर्यवंशी ने किए खुलासे
  • टेस्ट क्रिकेट को लेकर बताई बड़ी बात

आईपीएल 2026 एक शानदार फाइनल मैच के साथ समाप्त हो गया जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने गुजरात टाइटंस को करारी मात देते हुए लगातार दूसरी बार खिताब पर कब्जा जमाया। फाइनल के बाद तमाम अवॉर्ड दिए गए लेकिन आधे से ज्यादा अवॉर्ड्स पर एक ही खिलाड़ी ने कब्जा जमाया और वो हैं 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi), जिन्होंने इस सीजन में सर्वाधिक 776 रन बनाए और ओरेंज कैप के साथ-सहित 4 अन्य प्रमुख अवॉर्ड्स भी जीते।

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 अवॉर्ड समारोह में ओरेंज कैप, इमर्जिंग प्लेयर पुरस्कार, सुपर स्ट्राइकर पुरस्कार और मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) अवॉर्ड भी हासिल किया। अवॉर्ड्स लेने के बाद जब वैभव सूर्यवंशी ने रवि शास्त्री को इंटरव्यू दिया तो उन्होंने सबसे पहले एक सवाल के जवाब में कहा कि वो अब दूध नहीं पी रहे हैं। इसके बाद जब देर रात सुनील गावस्कर के साथ खड़े होकर उन्होंने बाकी ब्रॉडकास्टिंग टीम से बातचीत की तो इसमें कई दिलचस्प बातें निकलकर सामने आईं जिसमें सबसे अहम थी टेस्ट क्रिकेट से जुड़े सूर्यवंशी के इरादे और चाहत।

दुनिया वो देखेगी, जो अब तक नहीं देखा..

पूर्व भारतीय स्पिनर आर अश्विन ने जब मजाक में कहा कि एक पुरस्कार वैभव सूर्यवंशी से छूट गया और वो था सीजन में सबसे ज्यादा चौके मारने का पुरस्कार, इसके आगे अश्विन ने ये भी पूछा कि क्या गेंद को जमीन पर रखने की वैभव की कोई योजना है। इस पर वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा जवाब दिया कि वहां खड़े सुनील गावस्कर से लेकर हरभजन सिंह तक सब देखते रह गए। वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि प्रशंसक जल्द ही वो इंडिया-ए टीम से खेलने वाले हैं और वहां लोग उनकी बल्लेबाजी का एक अलग पक्ष देखेंगे। उन्होंने खुलासा किया कि वो लाल गेंद से भी काफी पहले से जमकर अभ्यास कर रहे हैं।

वैभव ने कहा, "हां, मुझे जमीन पर खेलना होगा क्योंकि अगला असाइनमेंट कुछ यही मांग रखता है। मैंने लाल गेंद से बहुत अभ्यास किया है, लेकिन किसी ने मुझे ऐसा करते हुए नहीं देखा है, लेकिन वे जल्द ही देखेंगे।"

जब हरभजन सिंह ने वैभव से टेस्ट क्रिकेट की उनकी उम्मीदों और तैयारियों को लेकर पूछना चाहा तो इस पर वैभव सूर्यवंशी ने स्पष्ट किया कि हालांकि वो अपनी छक्का मारने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं, लेकिन यह उनके खेल का एकमात्र पहलू नहीं है। वैभव ने कहा, "लोगों को लगता है कि मुझे हर गेंद को हिट करना पसंद है, लेकिन यह टी20 प्रारूप है, और कोच मुझे पूरी ताकत से खेलने के लिए खुली छूट देते हैं और मैं गेंद को इसलिए हिट करता हूं क्योंकि मुझे पता है कि मैं उन्हें हिट कर सकता हूं, और यह मजबूरी से नहीं है।"

पिता ने मुझे सिखाया, टेस्ट क्रिकेट ही असल क्रिकेट

टेस्ट क्रिकेट को लेकर वैभव ने आगे कहा, "मैं निश्चित रूप से टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहता हूं, क्योंकि मेरे पिता ने भी मुझे सिखाया कि वही असल प्रारूप है, और मैंने इसे खेला भी है। हालांकि, मुझे अभी भी कई गेम खेलने हैं। मैंने रणजी ट्रॉफी क्रिकेट खेला लेकिन मुझे ज्यादा मौके नहीं मिले, और यह मेरे लिए चुनौतीपूर्ण था। लेकिन मैं अपने खेल के उस पहलू पर काम करता रहूंगा।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article