World Cup Final winner prediction: क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 अब अपने अंतिम मोड़ पर पहुंच गया है और फाइनल मुकाबले में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच भिड़ंत होने वाली है। ये दोनों टीमें आखिरी बार 2003 में भी फाइनल में भिड़ी थी जिसमें कंगारुओं ने आसानी से जीत दर्ज कर ली थी। ऐसे में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से 20 साल पुराना बदला लेना चाहेगी। वर्ल्ड कप के फाइनल में अभी दो दिन का समय बचा है लेकिन इसके विजेता को लेकर भविष्यवाणी पहले से ही शुरू हो गई है। इसी बीच पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर वसीम अकरम ने अपना विनर चुन लिया है।
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड कप के इतिहास की सबसे सफल टीम है। कंगारुओं ने 5 बार इस खिताब को अपने नाम किया है और वे छठीं बार इसे जरूर हासिल करना चाहेंगे। वहीं भारत ने 1983 और 2011 में ये कप जीता था। टीम अपने तीसरे खिताब की तलाश में होगी। दोनों टॉप टीमों के बीच पूर्व क्रिकेटर वसीम अकरम ने ऑस्ट्रेलिया को विजेता के रुप में चुना है।
वसीम अकरम ने इस टीम का किया चयन
विश्वकप में भले ही भारतीय टीम अजेय रही हो लेकिन फिर भी पाकिस्तान के दिग्गज को लगता है कि इस बार भी 2003 का इतिहास दोहराएगा और ऑस्ट्रेलिया ही ट्रॉफी पर कब्जा जमा लेगी। हालांकि उन्होंने ये भी माना है कि भारतीय टीम की तरफ से कांटे की टक्कर दी जाएगी।
भारत ने पहले मैच में कंगारुओं को दी थी मात
बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप 2023 के अपने पहले ही मैच में ऑस्ट्रेलिया को रोमांचक मुकाबले में मात दी थी। मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम केवल 199 रन ही बना सकी थी। इसके जवाब में भारतीय टीम ने शुरुआती झटकों के बाद लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया था। टीम 6 विकेट से जीत गई थी।
