क्रिकेट

World Cup 2023: इस भारतीय क्रिकेटर के दीवाने हुए वसीम अकरम, बताया दुनिया में बेस्ट

Wasim Akram, Indian Cricket Team, World Cup 2023: भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को लखनऊ में खेले गए विश्व कप 2023 के मुकाबले में वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड को 100 रन से मात देकर लगातार अपनी छठी जीत दर्ज की। इस मैच के बाद पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने एक भारतीय क्रिकेटर की जमकर तारीफ की है।

Image

वसीम अकरम (Instagram)

KEY HIGHLIGHTS
  • वनडे वर्ल्ड कप 2023
  • वसीम अकरम ने भारत-इंग्लैंड मैच के बाद कही दिल की बात
  • भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से दी शिकस्त

World Cup 2023: टीम इंडिया ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में रविवार को वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड क्रिकेट टीम को 100 रनों से शिकस्त देकर लगातार अफनी छठी जीत दर्ज की। इसी के साथ टीम इंडिया अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर आ गई है। भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को सिर्फ 230 रनों का लक्ष्य दिया था लेकिन भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 129 रन पर ही समेट दिया, वो भी सिर्फ 34.5 ओवर में। इस जीत के बाद हर जगह टीम इंडिया की तारीफ हो रही है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम (Wasim Akram) ने भी एक भारतीय खिलाड़ी के जमकर तारीफों के पुल बांधे हैं।

वसीम अकरम टीम इंडिया के दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) के दीवाने हो गए हैं। उन्होंने बुमराह को मौजूदा समय में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज करार दिया है। गौरतलब है कि इंग्लैंड के खिलाफ मैच में लखनऊ के मैदान पर जसप्रीत बुमराह ने 6.5 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट झटके जिसमें एक मेडन ओवर भी शामिल था। अकरम के मुताबिक बुमराह का नई गेंद पर गजब का नियंत्रण देखने को मिला है, उनके करियर के शुरुआती दिनों से कहीं ज्यादा बेहतर।

पाकिस्तान में एक टीवी स्पोर्ट्स कार्यक्रम के दौरान बोलते हुए वसीम अकरम ने कहा, "वो (बुमराह) इस समय दुनिया में बेस्ट है। सबसे ऊपर। कंट्रोल, पेस, वेरिएशन..एक पूर्ण गेंदबाज। देखने में मजा आ गया। नई गेंद से इस प्रकार की पिच (लखनऊ) पर गेंद को मूव कराना, पेस, कैरी, फॉलो-थ्रू, आप बस नाम लीजिए। वो एक कंप्लीट बॉलर है।"

वसीम अकरम ने आगे कहा, "जब बुमराह बाएं हाथ के बल्लेबाज को राउंड द विकेट गेंद कर रहा होता है और सीम पर गेंद रखता है..वहीं जब वो क्रीज के थोड़ा बाहर की ओर से गेंद कर रहा होता है, बल्लेबाज को लगेगा कि गेंद अंदर की ओर आ रही है। वो उस एंगल पर खेलने की कोशिश करेगा लेकिन गेंद पिच पर बाउंस लेने के बाद बाहर की ओर निकल जाती है। ज्यादातर मौकों पर आप चूक जाएंगे। जब मैं भी नई गेंद से दाएं हाथ के बल्लेबाजों को इनस्विंग गेंदें फेंकने का प्रयास करता था, कई बार मैं भी नियंत्रण नहीं रख पाता था। लेकिन बुमराह के पास मेरे से बेहतर नियंत्रण है नई गेंद पर।"

अकरम ने हंसते हुए कहा, "बुमराह नई गेंद को जिस लेंथ पर करता है, वही बल्लेबाजों के लिए पहेली बन जाती है। बुमराह का एक ही इलाज है, उसके स्पाइक्स चोरी कर लो, और कोई हल नहीं है।"

वसीम अकरम ने ये भी कहा कि पाकिस्तानी गेंदबाजों को भी जसप्रीत बुमराह से सीख लेनी चाहिए और ज्यादा से ज्यादा टेस्ट मैच खेलने चाहिए। अकरम के मुताबिक बुमराह पाकिस्तानी गेंदबाजों से ज्यादा बेहतर इसलिए है क्योंकि वो ज्यादा टेस्ट मैच खेलता है।

TNN Sports Desk
TNN स्पोर्ट्स डेस्क author

खेलों की रोचक दुनिया में हर दिन, हर पल नए कारनामे और हलचल होती हैं। अगर आपकी खेलों में रुचि है और आप दुनियाभर की खेल गतिविधियों के पल-पल के अपडेट्स, घटनाओं और रिकॉर्ड्स से अपडेट रहना चाहते हैं, तो आपको इस प्लेटफॉर्म पर ये सबकुछ एक साथ मिल जाएगा। यहां न केवल आपको नई और रोचक जानकारियां मिलेंगी बल्कि खेल की दुनिया को देखने और समझने का एक नया नजरिया भी मिलेगा। तो आप भी टाइम्स नाउ नवभारत के स्पोर्ट्स सेक्शन से जुड़ें और रोजाना खेल की जोश, रोमांच, उत्साह और प्रतिस्पर्धा भरी दुनिया के रोचक अपडेट्स के साथ अपने दिन को शानदार बनाएं।

और पढ़ें
End of Article