World Cup 2023, IND (India) vs ENG (England) ODI Pitch Report Ekana Stadium, Lucknow Weather Forecast Today: विश्व कप 2023 में आज का मुकाबला भारत और इंग्लैंड की टीमों के बीच खेला जाएगा। एक तरफ है टीम इंडिया जो अंक तालिका में मजबूती से लगातार शीर्ष चार स्थान में अपनी जगह बनाए हुए है और उसने अभी तक अपने 5 मुकाबलों में एक भी मैच नहीं गंवाया है। वहीं दूसरी तरफ है इंग्लैंड की टीम जो हाल में श्रीलंका के खिलाफ मिली हार के बाद सेमीफाइनल की दौड़ से तकरीबन बाहर ही हो चुकी है। अब आज भारत-इंग्लैंड का मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाना है।
भारत-इंग्लैंड मैच पिच रिपोर्ट
बेशक इंग्लैंड क्रिकेट टीम मौजूदा विश्व चैंपियन है लेकिन वे अंक तालिका में 9वें पायदान पर हैं और अब तक उनके खाते में 5 मैचों में सिर्फ 1 जीत दर्ज हुई है। ऐसे में अपराजित टीम इंडिया के सामने इंग्लैंड की टीम बेहद कमजोर नजर आ रही है। भारतीय टीम ये मैच जीतकर 12 अंक हासिल करते हुए सेमीफाइनल की गद्दी पर अपनी मुहर लगाना चाहेगी जबकि इंग्लैंड को अगर अब सेमीफाइनल में जाने के लिए अपनी थोड़ी बहुत बची उम्मीदों को ढूंढना है तो उसे अपने सभी चार मैच जीतने भी हैं, अच्छे नेट रन रेट से भी जीतने हैं, उसके बाद भी वे 10 अंक ही हासिल कर पाएंगे यानी उसके बाद भी उनको दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा जो चौथे स्थान के लिए रेस में बनी हुई हैं।
वनडे क्रिकेट और विश्व कप में दोनों टीमों के आंकड़े
अब तक भारत और इंग्लैंड की टीमें वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 106 बार टकराई हैं। इन मुकाबलों में भारत ने 57 बार जीत दर्ज की है जबकि इंग्लैंड की टीम सिर्फ 44 मैचों में जीत दर्ज कर सकी है। वहीं दो मैच टाई रहे और 3 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। अगर बात करें वनडे विश्व कप इतिहास में इन दोनों टीमों की भिड़ंत की, तो अब तक विश्व कप में ये दोनों टीमें 8 बार आमने-सामने आई हैं। इनमें 4 जीत इंग्लैंड को मिली, जबकि 3 मैचों में भारत जीता। वहीं एक मैच टाई रहा था। अब बात कर लेते हैं कि आज विश्व कप 2023 में होने वाले मुकाबले की पिच रिपोर्ट क्या कहती है और लखनऊ का मौसम कैसा रहेगा।
भारत-इंग्लैंड मैच की पिच रिपोर्ट कैसी होगी? (IND vs ENG Pitch Report)
भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने जा रहा है। इस मैदान की पिच थोड़ी धीमी रही है और कुछ मौकों पर बल्लेबाजों को फायदा मिला है जबकि कुछ मौकों पर गेंदबाजों ने भी फायदा उठाया है। जैसे इस विश्व कप में यहां खेले पहले ही मैच की बात कर लें, जब दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया की टक्कर हुई। दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 312 रनों का विशाल लक्ष्य दे दिया, जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम कुल 40.5 ओवर में 177 रन पर सिमट गई। इसके बाद यहां दो और मुकाबले हुए जहां सभी टीमों ने 200 और 250 तक का आंकड़ा पार किया, लेकिन इन दोनों ही मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती। ऐसे में टॉस जीतने के बाद यहां पहले गेंदबाजी करना ही सही विकल्प रहेगा।
आज कैसा रहेगा लखनऊ का मौसम? (Lucknow Weather Today)
अगर बात करें लखनऊ के मौसम की तो आज यहां बारिश की कोई उम्मीद नहीं है इसलिए फैंस स्टेडियम को खचाखच भरके टीम इंडिया का समर्थन कर सकते हैं। ये मुकाबला दोपहर दो बजे शुरू होगा और अच्छी-खासी धूप भी रहेगी। शाम होते-होते उमस बढ़ेगी जो गेंदबाजों और फील्डरों को परेशान कर सकती है। अगर लखनऊ के तापमान की बात करें तो आज यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहेगा लेकिन हवाएं ठंडी ही रहेंगी। वहीं न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिरने के आसार हैं।
