क्रिकेट

Womens World Cup 2025: प्रतिका रावल चोट के चलते बाहर, शेफाली वर्मा की टीम इंडिया में एंट्री

Indian Women Cricket Team Squad: फॉर्म में चल रही सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल घुटने और टखने की चोट के कारण सोमवार को आईसीसी महिला वनडे विश्व कप के बाकी मैचों से बाहर हो गईं जिससे भारतीय टीम को करारा झटका लगा है।शेफाली वर्मा को प्रतिका की जगह टीम में शामिल किया गया। शेफाली ने पिछला एकदिवसीय मैच एक साल पहले खेला था।

Image

शेफाली वर्मा (फोटो- PTI)

Indian Women Cricket Team Squad: भारतीय महिला क्रिकेट टीम को आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 के बीच बड़ा झटका लगा है। फॉर्म में चल रहीं सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल घुटने और टखने की चोट के कारण टूर्नामेंट के बाकी मैचों से बाहर हो गई हैं। उनके स्थान पर शेफाली वर्मा को टीम में शामिल किया गया है। यह खबर टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल से पहले एक बड़ा झटका साबित हुई है।

बांग्लादेश के खिलाफ मैच में लगी चोट

प्रतिका रावल को चोट डीवाई पाटिल स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए भारत के अंतिम लीग मैच के दौरान लगी।मैच के 21वें ओवर की आखिरी गेंद पर जब वह डीप मिडविकेट से गेंद को रोकने के लिए दौड़ीं, तो उनका दाहिना पैर गीले मैदान में फंस गया और वह दर्द से कराहते हुए गिर पड़ीं।भारतीय खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ तुरंत उनके पास पहुंचे। स्ट्रेचर भी मैदान पर बुलाया गया, लेकिन प्रतिका स्टाफ की मदद से खुद चलकर मैदान से बाहर गईं।

आईसीसी का आधिकारिक बयान

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि “बांग्लादेश के खिलाफ लीग मैच में क्षेत्ररक्षण करते समय प्रतिका रावल के दाहिने टखने में चोट लगने के बाद शेफाली वर्मा को उनकी जगह टीम में शामिल किया गया है।”प्रतिका की चोट इतनी गंभीर बताई जा रही है कि वह सेमीफाइनल और संभावित फाइनल दोनों मैचों में नहीं खेल पाएंगी।

शानदार फॉर्म में थीं प्रतिका रावल

25 वर्षीय प्रतिका रावल इस विश्व कप में भारत की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक रही हैं। उन्होंने 6 पारियों में 51.33 की औसत से 308 रन बनाए।न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने अपना पहला विश्व कप शतक जड़ा था और इस दौरान वह महिला वनडे में संयुक्त रूप से सबसे तेज 1000 रन बनाने वाली खिलाड़ी बनीं।स्मृति मंधाना के साथ उनकी शीर्ष क्रम पर साझेदारी भारत की सफलता का बड़ा कारण रही है।

शेफाली वर्मा को मिला मौका

प्रतिका के बाहर होने के बाद चयनकर्ताओं ने शेफाली वर्मा को टीम में शामिल किया है। यह 21 वर्षीय आक्रामक बल्लेबाज करीब एक साल बाद वनडे टीम में वापसी कर रही हैं।शेफाली ने अब तक 29 वनडे मैचों में 23 की औसत से 644 रन बनाए हैं।हालांकि वनडे में निरंतरता की कमी के चलते वह अपनी जगह पक्की नहीं कर पाईं, लेकिन टी20 प्रारूप में वह टीम की अहम सदस्य बनी हुई हैं।संभावना है कि सेमीफाइनल मुकाबले में उन्हें सीधे अंतिम एकादश (Playing XI) में शामिल किया जाएगा।

रिचा घोष की फिटनेस पर भी संदेह

भारतीय टीम की एक और चिंता विकेटकीपर-बल्लेबाज रिचा घोष की फिटनेस है। न्यूजीलैंड के खिलाफ उनकी उंगली में चोट लग गई थी, जिसके बाद वह बांग्लादेश के खिलाफ मैच में नहीं खेल सकीं।अगर रिचा भी सेमीफाइनल से पहले फिट नहीं होती हैं, तो भारतीय टीम को संयोजन में और बदलाव करने पड़ सकते हैं।

भारत का अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से

भारत अब गुरुवार को सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का सामना करेगा। फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।टीम इंडिया के लिए यह मुकाबला न केवल प्रतिष्ठा का, बल्कि विश्व कप की उम्मीदों को जिंदा रखने का भी सवाल होगा।अब सभी की निगाहें इस बात पर होंगी कि शेफाली वर्मा इस मौके का कैसे फायदा उठाती हैं और टीम को कितनी मजबूती दे पाती हैं।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article